मौसम

दिल्ली-NCR, यूपी, राजस्थान समेत कई राज्यों में भीषण लू का अलर्ट, तापमान 45°C तक पहुंचने की संभावना

Weather Update : भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी अब गंभीर रूप लेती जा रही है. मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा समेत कई राज्यों के लिए अगले कुछ दिनों तक लू और भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है. स्थिति ऐसी है कि रात के समय भी तापमान में खास गिरावट की संभावना नहीं है, जिससे लोगों को राहत मिलना मुश्किल दिख रहा है. पूर्व से लेकर दक्षिण भारत तक गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है.

IMD के अनुमान के अनुसार, दिल्ली में आज दोपहर और शाम के समय तेज सतही हवाओं के साथ लू चल सकती है. रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी. राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है. लखनऊ में भी तापमान 45 डिग्री के आसपास रह सकता है, जबकि पटना में करीब 40 डिग्री और जयपुर में लगभग 42 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रहने का अनुमान है.

पंजाब में गर्म हवाएं चलने की संभावना

मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 22 से 27 मई के बीच कई स्थानों पर लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बनी रह सकती है. पंजाब में भी इसी अवधि के दौरान गर्म हवाएं चलने की संभावना है. पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 22 से 27 मई तक लू का असर देखने को मिल सकता है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में 25 से 27 मई के बीच हालात और अधिक गंभीर हो सकते हैं.

22-25 मई को भीषण लू

इसके अलावा पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ हिस्सों में 22 से 25 मई के बीच लू और भीषण लू चलने की संभावना जताई गई है. वहीं बिहार, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल सहित कई राज्यों में अलग-अलग दिनों में लू का असर रहने की चेतावनी दी गई है.

ओडिशा में 22 से 27 मई तक उमस भरा मौसम

22 से 23 मई के दौरान दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और विदर्भ के कुछ क्षेत्रों में रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिलने की आशंका है. इसके साथ ही पश्चिम बंगाल में 22 से 26 मई तक, ओडिशा में 22 से 27 मई तक तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 23 से 27 मई तक गर्म और उमस भरा मौसम बने रहने की संभावना जताई गई है.

ये भी पढ़ें – भारत-इटली संबंधों में बड़ा कदम, रणनीतिक साझेदारी और सहयोग पर बनी सहमति

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button