
Rajasthan Election 2023: राजस्थान में विधानसभा चुनाव के नजदीक आते-आते बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों में विजय अभियान तेज हो गया है। दोनों दलों ने रणभेरी बजा दी है और बड़ी बड़ी रैलियों और सभाओं का आयोजन शुरू हो गया है। कांग्रेस और बीजेपी चुनावी रण में एक-दूसरे को मात देने के लिए ताबड़तोड़ प्रचार कर रही है। जहां बीजेपी के लिए दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री चुनावी रैलियां कर रहे हैं तो वहीं अब कांग्रेस ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं।
जयपुर के दौरे पर खरगे और राहुल
कांग्रेस की तरफ से अभी तक मुख्यमंत्री अशोक गहलोत प्रचार कर रहे थे। लेकिन अब पार्टी आलाकमान भी चुनावी रण में ताल ठोकने के लिए उतरेगा। बता दें कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को जयपुर का दौरा करेंगे। इस मौके पर खड़गे और राहुल गांधी कांग्रेस के नये मुख्यालय भवन का शिलान्यास करेंगे। जयपुर के मानसरोवर में शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस ने दी जानकारी
कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और जनप्रिय नेता राहुल गांधी कल 23 सितंबर को जयपुर में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवीन भवन का शिलान्यास और कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे। समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आग्रह है।
जनता करेगी फैसला
राजस्थान में इस साल के आखिर में विधानसभा का चुनाव होना है। चुनाव से पहले बीजेपी और कांग्रेस अपने खेमे को मजबूत करने के लिए सारे दांव पेच खेल रही हैं। चुनाव के लिए बीजेपी और कांग्रेस धीरे-धीरे अपने पत्ते भी खोल रही हैं यानी उम्मीदवारों के नामों का भी ऐलान किया जा रहा है। चुनावी प्रचार के लिए भी दोनों पार्टियों ने कमर कस ली है। बीजेपी तो राज्य में परिवर्तन निकाल रही है तो वहीं कांग्रेस जन आशीर्वाद यात्रा के जरिए जनता का आशीर्वाद मांग रही है। कांग्रेस की यात्राओं में जन समर्थन भी मिल रहा है। यात्रा में जन सैलाब उमड़ रहा है। लेकिन कांग्रेस की जन आशीर्वाद चुनाव में पार्टी को कहां ले जाकर खड़ा करती है। ये तो विधानसभा चुनाव का परिणाम बताएगा।