
चमत्कार दिखाने से चर्चा में आए बागेश्वर धाम सरकार (Bageshwar Dham Sarkar) के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री (Dhirendra Krishna Shastri) को एक बार फिर चुनौती दी गई है। सेलेब्रिटी आयुर्वेदाचार्य प्रकाश टाटा ने धीरेंद्र शास्त्री को चमत्कार दिखाने का चैलेंज दिया है। टाटा ने कहा है कि अगर उनके पर्चे को शास्त्री अपने पर्चे पर लिखकर बता दें तो उन्हें 1 करोड़ रूपए की दक्षिणा देंगे। प्रकाश टाटा ने यह भी कहा कि अगर धीरेंद्र शास्त्री ऐसा नहीं कर पाते हैं तो सिर्फ 11 लाख रूपए देने होंगे। बता दें धीरेंद्र शास्त्री को लेकर कहा जाता है कि वह लोगों की मन की बात को पढ़ लेते हैं। इतना ही नहीं शास्त्री दरबार में आए व्यक्ति का मोबाइल नंबर और घर में रखी चीजों के बारे में भी बता देते हैं।
चुनौती से आए चर्चा में
पंडित धीरेंद्र शास्त्री चर्चा में तब आए जब उन्हें चमत्कार दिखाने की चुनौती दी गई थी। दरअसल, महाराष्ट्र की संस्था अंध श्रद्धा उन्मूलन समिति के श्याम मानव ने धीरेंद्र शास्त्री पर अंधविश्वास फैलाने का आरोप लगाया था। उन्होंने बागेश्वर धाम सरकार को चुनौती दी थी कि वह नागपुर में उनके मंच पर आए और अपना चमत्कार दिखाएं। संस्थान ने कहा कि अगर धीरेंद्र शास्त्री ऐसा करते हैं तो उन्हें 30 लाख रुपये दिए जाएंगे लेकिन उन्होंने चुनौती स्वीकार नहीं की।
कहा जाने लगा कि धीरेंद्र शास्त्री ने संस्थान की चुनौती को स्वीकार नहीं किया और वह वहां से भाग गए। लोगों का कहना था कि वह डरकर नागपुर से वापस लौट आए थे। इन तमाम आरोपों पर आचार्य धीरेंद्र शास्त्री का कहना था कि वह किसी के डर या चुनौती से नहीं वापस आए हैं, उन्हें किसी के भी प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है। धीरेंद्र शास्त्री का कहना है कि हम 7 दिन की ही कथा करते हैं। बागेश्वर महाराज का कहना है कि मैं चुनौती स्वीकार करता हूं, जिसे चमत्कार देखना वो बागेश्वर दरबार में आए। उन्होंने कहा, ‘श्याम यहां रायपुर आए, टिकट का खर्च मैं दूंगा।’
इस दौरान सोशल मीडिया पर बागेश्वर धाम सरकार को लेकर तरह-तरह की बातें की जाने लगीं हालांकि बाबा को लेकर यह विवाद अब ठंडा पड़ गया है।
बागेश्वर धाम सरकार के बारे में
बागेश्वर धाम सरकार मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित है। बागेश्वर दरबार में लाखों की संख्या में श्रद्धालु अपनी अर्जी लेकर पहुंचते हैं। धीरेंद्र शास्त्री बागेश्वर धाम सरकार के नाम से दुनिया भर में प्रसिद्धी पा चुके हैं। उनके वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल होते हैं। इतना ही नहीं यूट्यूब पर भी उनके कथा को लाखों लोग सुनते हैं। उन्हें कई जगह से कथा का बुलावा आता है।
ये भी पढ़ें: बाबा करेंगे कांग्रेस के लिए 121 किमी की पैदल यात्रा, जानिए खबर में कितनी सच्चाई