
धनतेरस का त्योहार आने में कुछ ही दिन बाकी हैं। इस दिन भगवान धनवंतरि की पूजा की जाती है। कार्तिक माह की कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि के दिन समुद्र-मंन्थन के समय भगवान धन्वन्तरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे, इसलिए इस तिथि को धनतेरस (Dhanteras 2022) या धनत्रयोदशी के नाम से जाना जाता है। ऐसे में माना जाता है कि धनतेरस के दिन कुछ जगहों पर दीपक जलाना काफी शुभ माना जाता है। इन जगहों पर दीपक जलाने से जीवन में धन संबंधी परेशानियां दूर हो जाती हैं।
शास्त्रों में वर्णन आता है कि धनतेरस की रात में जिस जगह रोशनी होती है। दीपों का उजाला होता है वहां कुबेर देवता की नजर पड़ती है और वे उस स्थान को अपने आलोक से प्रकाशित कर देते हैं। अर्थात् उस स्थान पर वे अपनी कृपा बरसाते हैं।
धनतेरस में पूजाघर में अखंड दीपक
धनतेरस का त्योहार धन-समृद्धि प्रदान करने वाला त्योहार माना जाता है। इस दिन रात में पूजाघर में अखंड दीपक जलाना चाहिए। माना जाता है कि इससे वास्तु दोष खत्म होता है और घर में आर्थिक समृद्धि आती है।
घर की चौखट
घर की चौखट पर दीपक जरूर जलाया जाना चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से मां लक्ष्मी घर में प्रवेश करती हैं और कहा जाता है कि जहां माता लक्ष्मी का वास होता है वहां धन संपत्ति की कमी नहीं होती है। इसलिए धनतेरस की रात घर की चौखट पर दीपक जलाना हरगिज न भूलें।
पीपल
धनत्रयोदशी में शाम के समय पीपल वृक्ष के नीचे दीपक जरूर जला दें। मान्यताओं के अनुसार पीपल में मां लक्ष्मी का वास होता है और अगर इसके नीचे दीपक जलाया जाए तो जीवन में धन की कमी नहीं होती।
गरीब दीन-दुखी के घर
किसी गरीब, दीन-दुखी, निशक्त, कोढ़ी, विकलांग, दृष्टिहीन व्यक्ति का घर धनतेरस की रात्रि में रोशन करने से मां लक्ष्मी और कुबेर की कृपा प्राप्त होती है।
धनतेरस के दिन श्मशान घाट में प्रकाशित करें
धनतेरस की रात श्मशान घाट पर दीपक जरूर जलाएं। मान्यता है कि ऐसा करने से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और उनकी कृपा से जीवन में कभी भी धन की कमी नहीं होती है।