Politics News : सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के विदेश दौरों पर टिप्पणी की है. सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट में उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव को घूमने ही जाना था तो उन्हें काशी, अयोध्या, मथुरा, नैमिष या मां विंध्यवासिनी धाम जैसे स्थानों पर जाना चाहिए था, जिससे स्थानीय व्यापारियों को भी लाभ मिलता.
उन्होंने आगे लिखा कि इन धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर फूल-माला, मिठाई और पूजा सामग्री बेचने वाले छोटे दुकानदारों की आमदनी बढ़ती, साथ ही होटल और ट्रांसपोर्ट कारोबार को भी फायदा होता और प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा मिलता. राजभर ने यह भी कहा कि मीडिया कवरेज से यूपी के पर्यटन स्थलों को और पहचान मिलती.
लंदन और पेरिस पर तंज
अपनी पोस्ट में उन्होंने विदेश यात्राओं को लेकर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोगों को लंदन और पेरिस जैसे स्थान अधिक पसंद आते हैं और वे इसे “नवाबी शौक” बताते हैं, उन्होंने यह भी टिप्पणी की कि लंदन के रेडब्रिज क्षेत्र में पाकिस्तानी समुदाय की मौजूदगी का जिक्र करते हुए कुछ बातें कही गईं.
यूपी के पर्यटन स्थलों पर जाने की अपील
राजभर ने अखिलेश यादव से अपील करते हुए कहा कि उन्हें देश और उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों का दौरा करना चाहिए, क्योंकि भारत में हिमालय से लेकर समुद्र तक और काशी-अयोध्या-मथुरा से लेकर पूर्वोत्तर तक कई प्रमुख और विकसित पर्यटन स्थल मौजूद हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि अगर व्यक्ति देश के पर्यटन स्थलों को देखे तो एक जीवन भी कम पड़ सकता है, लेकिन कुछ लोग सोशल मीडिया और राजनीतिक बयानबाजी में अधिक व्यस्त रहते हैं. इसके साथ ही उन्होंने अपने समर्थकों के व्यवहार और शिष्टाचार को लेकर भी टिप्पणी की और अखिलेश यादव से उन्हें समझाइश देने की बात कही.
ये भी पढ़ें- सोने में निवेश को लेकर बदला नजरिया, विशेषज्ञ बोले- नई खरीदारी से बचें निवेशक
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









