Narendra Modi Uzbekistan : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उज्बेकिस्तान दौरे के दौरान दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में कई अहम फैसले लिए गए. ताशकंद में प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के साथ द्विपक्षीय बातचीत की. दोनों नेताओं ने भारत और उज्बेकिस्तान की रणनीतिक साझेदारी को और व्यापक बनाने पर सहमति जताई.
मोदी ने उज्बेकिस्तान की आजादी की 35वीं वर्षगांठ पर वहां के लोगों को शुभकामनाएं दीं. इसी दौरान उन्हें उज्बेकिस्तान के सर्वोच्च सम्मान ‘ओली दराजली दोस्तलिक’ से सम्मानित किया गया.
रणनीतिक साझेदारी को मिलेगा नया विस्तार
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और उज्बेकिस्तान की रणनीतिक साझेदारी के 15 साल पूरे हो रहे हैं. अब दोनों देश अपने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी में बदलने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. दोनों पक्षों ने नए लक्ष्य तय करने और साझा परियोजनाओं पर तेजी से काम करने की बात कही.
दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के स्तर पर एक समन्वय परिषद बनाने का फैसला भी हुआ है. इसका मकसद विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के बीच बेहतर तालमेल कायम करना है. साथ ही भारत और उज्बेकिस्तान संयुक्त बिजनेस समिट आयोजित करेंगे, जिसमें दोनों देशों के कारोबारी नेता हिस्सा लेंगे.
यूरेनियम और GIFT City पर भी फोकस
भारत और उज्बेकिस्तान यूरेनियम की आपूर्ति के लिए दीर्घकालिक व्यवस्था बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. दोनों देशों के बीच तीन सिस्टर सिटी और सिस्टर स्टेट समझौते भी किए जा रहे हैं. इनके प्रभावी इस्तेमाल के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा.
प्रधानमंत्री मोदी ने उज्बेकिस्तान के न्यू ताशकंद और गुजरात की GIFT City का जिक्र करते हुए विकास, तकनीक और आधुनिक शहरी ढांचे में सहयोग की संभावनाओं पर जोर दिया.
व्यापार एक अरब डॉलर के पार
राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने भारत को उज्बेकिस्तान का रणनीतिक साझेदार बताया, उन्होंने कहा कि पिछले साल दोनों देशों का व्यापार पहली बार एक अरब डॉलर से अधिक पहुंचा. संयुक्त उपक्रमों की संख्या में भी हाल के वर्षों में कई गुना वृद्धि हुई है.
सीधी उड़ानों से बढ़ेगा संपर्क
दोनों देशों के बीच हर सप्ताह करीब 14 सीधी उड़ानें चल रही हैं. वहीं भारतीय नागरिकों के लिए 30 दिन की वीजा-मुक्त सुविधा शुरू होने से पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. आसान यात्रा व्यवस्था से दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क और रिश्ते और मजबूत होने की संभावना है.
ये भी पढ़ें- ‘Awarapan 2’ की सफलता के बीच इमरान हाशमी को स्वाइन फ्लू, आइसोलेशन की सलाह, बेंगलुरु शो कैंसिल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








