
Loksabha Chunav 2024: भारतीय जनता पार्टी अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के मतदाताओं को अपनी ओर खिंचने के लिए नए हथकंडे अपना रही है। इसके चलते पार्टी एक अभियान का आगाज़ कर रही है, जिसका नाम है- ‘गाँव गाँव चलो, घर घर चलो’। आपको बता दें कि ये अभियान 6 अप्रैल से एक हफ्ते तक चलेगा।
गौरतलब है कि ये राज्य में 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर एक बड़ा कदम है। जानकारी के अनुसार, जल्द ही यूपी में शहरी नगरपालिका चुनाव होने हैं। इस अभियान से ओबीसी वर्ग तक पहुंचा जाएगा।
इस पर पार्टी के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप का एक आधिकारिक बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, “हम 6 अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस पर अभियान की शुरुआत करेंगे और 14 अप्रैल को डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती पर इसका समापन होगा। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता समुदाय से जुड़ने के लिए गांवों में घर-घर जाकर दौरा करेंगे।”
कश्यप ने ये भी जानकारी दी है कि हरियाणा के मानेसर जिले में भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष के. लक्ष्मण अभियान की शुरुआत करेंगे। वहीं अन्य मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के उत्तर प्रदेश के 6 क्षेत्रों में अभियान शुरू करने की उम्मीद है।
आपको बता दें कि इस अभियान के तहत 15 हजार गांवों, 741 नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों और 17 नगर निगमों तक पहुंचा जाएगा। पार्टी के नेता आउटरीच कार्यक्रम के दौरान पिछड़ा वर्ग और अति पिछड़ा वर्ग के सदस्यों से बात करेंगे।
मंत्री ने कहा, “जब सपा, बसपा और कांग्रेस जैसी पार्टियां सत्ता में थीं, तब उनकी सरकारों और नेताओं ने पिछड़े समुदायों को धोखा दिया। सत्ता में विपक्षी दलों ने पिछड़े वर्ग का शोषण किया और अब जब वो सत्ता से बाहर हैं, तो ये राजनेता उनके शुभचिंतक होने का ढोंग करते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “सपा, बसपा और कांग्रेस की जातिवादी और साम्प्रदायिक तुष्टीकरण की राजनीति को जनता समझ चुकी है। पिछड़ा और अत्यंत पिछड़ा समुदाय जानता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सभी के कल्याण और विकास के लिए काम कर रहे हैं।”