विदेश

ट्रंप ने होर्मुज को बताया अमेरिका का इलाका, ईरान बोला- रवैया नहीं बदला तो नहीं खुलेगा जलडमरूमध्य

Donald Trump : अमेरिका-ईरान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव बढ़ता नजर आ रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें रणनीतिक रूप से अहम होर्मुज जलडमरूमध्य को नया अमेरिकी इलाका बताया गया है. वहीं, ईरान ने कहा है कि यह समुद्री रास्ता बंद है और तब तक बंद रहेगा, जब तक अमेरिका अपना रवैया नहीं बदलता.

डोनाल्ड ट्रंप ने 18 अगस्त को भी यही तस्वीर साझा की थी. इससे पहले 14 अगस्त को लॉन्ग आइलैंड की एक पुलिस अकादमी में बोलते हुए उन्होंने कहा था कि वह बहुत जल्द होर्मुज जलडमरूमध्य को अमेरिका का इलाका घोषित करेंगे.

ईरान ने खोला रास्ता बंद रखने का संकेत

ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसेन रेजाई ने कहा कि तेहरान तब तक होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोलेगा, जब तक अमेरिका अपने वादे पूरे नहीं करता और अपना व्यवहार नहीं बदलता.

ईरान इंटरनेशनल के मुताबिक, रेजाई ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य बंद है और दोबारा नहीं खुलेगा, उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका अपना व्यवहार बदलता है और अपने वादे पूरे करता है तो स्थिति अलग हो सकती है, लेकिन इस बार अमेरिका को कदम उठाना होगा और इसे केवल बातचीत से हल नहीं किया जा सकता.

हाल के दिनों में बढ़ा जहाजों का ट्रैफिक

न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स के आंकड़ों से पता चलता है कि ईरान के ऐलान के बावजूद हाल के दिनों में होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों की संख्या बढ़ी है. पिछले हफ्ते करीब 200 जहाजों ने इस जलमार्ग को पार किया, जबकि उससे पहले वाले हफ्ते में यह संख्या करीब 150 और उससे दो हफ्ते पहले करीब 40 थी.

ओमान के रास्ते को लेकर समझौते का दावा

समुद्री मामलों की जानकारी देने वाली कंपनी Kpler के अनुसार, पिछले दो हफ्तों में जलडमरूमध्य से गुजरने वाले 80 फीसदी से ज्यादा लिक्विड कार्गो या तो अमेरिका के समर्थन और इंटरनेशनल मैरीटाइम ऑर्गनाइजेशन की मंजूरी वाले ओमान के रास्ते से गए या फिर डार्क तरीके से गुजरे.

रेजाई ने यह भी कहा कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले एक बीच के रास्ते को लेकर ओमान के साथ समझौता कर लिया है. हालांकि, इस पर अभी कोई संयुक्त बयान फाइनल नहीं हुआ है.

ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button