राष्ट्रीय

ईरान पर फिर सख्त हुए ट्रंप, सीजफायर उल्लंघन पर दिया बड़ा अल्टीमेटम

Donald Trump Iran Warning : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को लेकर कड़ा रुख अपनाया है, उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट साझा करते हुए ईरान को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी. साथ ही बताया कि अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने ईरान के मिसाइल और ड्रोन ठिकानों के अलावा तटीय रडार साइटों को निशाना बनाया है.

ट्रंप ने अपने संदेश में कहा कि अमेरिका ने यह सैन्य कार्रवाई ईरान द्वारा सीजफायर समझौते का दोबारा उल्लंघन किए जाने के बाद की है, उन्होंने लिखा कि यदि हालात नहीं बदले तो अमेरिका आगे भी सैन्य कार्रवाई करने के लिए मजबूर हो सकता है. ट्रंप ने यह भी कहा कि ऐसी स्थिति आने पर इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है.

सीजफायर टूटने के बाद बढ़ा तनाव

वहीं, मिडिल ईस्ट में करीब दो सप्ताह पहले हुआ शांति समझौता अब टूट चुका है. स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज के पास एक तेल टैंकर पर ड्रोन हमले के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया. इसके बाद अमेरिका ने लगातार दूसरे दिन शनिवार को ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की.

अमेरिका ने बताई कार्रवाई की वजह

अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, ईरान ने लगातार दूसरी बार सीजफायर का उल्लंघन किया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई. गुरुवार को ईरान ने कार्गो शिप ‘M/V Ever Lovely’ को निशाना बनाया था. इसके जवाब में शुक्रवार को अमेरिका ने एयरस्ट्राइक की.

इसके बाद भी तनाव कम नहीं हुआ. शनिवार सुबह ईरानी सेना ने पनामा के झंडे वाले तेल टैंकर ‘M/T Kiku’ पर आत्मघाती ड्रोन से हमला किया. बताया गया कि इस टैंकर में 20 लाख बैरल से अधिक कच्चा तेल मौजूद था.

ट्रंप के आदेश पर दोबारा हमला

अमेरिकी राष्ट्रपति के निर्देश के बाद लड़ाकू विमानों ने ईरान के मिसाइल और ड्रोन स्टोरेज ठिकानों के साथ तटीय रडार साइटों को फिर निशाना बनाया. वहीं, ईरान के सिरिक द्वीप और केश्म द्वीप के एक गांव में जोरदार विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं. सैन्य कार्रवाई के तुरंत बाद ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट कर ईरान को कड़ी चेतावनी दी.

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र TET पेपर लीक, रद्द हुई कल होने वाली परीक्षा, मामले की जांच में जुटी पुलिस

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button