राष्ट्रीय

फिर महंगी हुई चीनी, एक ही दिन में बढ़े दाम, जानें अब कितना है रेट?

Sugar Price Hike : त्योहारों का मौसम करीब है और ऐसे समय में चीनी के बढ़ते दाम आम लोगों की चिंता बढ़ा रहे हैं. बाजार में चीनी की कीमतें लगातार ऊपर जा रही हैं. मंगलवार को खुदरा बाजार में चीनी का औसत भाव करीब 64 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गया. सोमवार को यह 63.05 रुपये प्रति किलो था.

उपभोक्ता मामलों के विभाग के मूल्य निगरानी प्रभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 25 अगस्त को चीनी का अखिल भारतीय औसत खुदरा भाव 63.97 रुपये प्रति किलो रहा. एक महीने पहले यह 48.81 रुपये प्रति किलो था. यानी एक महीने में कीमत करीब 31 प्रतिशत बढ़ चुकी है. पिछले साल अगस्त की तुलना में भी चीनी करीब 38 प्रतिशत महंगी है. उस समय इसका भाव 46.31 रुपये प्रति किलो था.

थोक बाजार में भी राहत नहीं है. सोमवार को चीनी का भाव 59.23 रुपये प्रति किलो रहा, जबकि एक महीने पहले यह 45.35 रुपये और एक साल पहले 43.01 रुपये प्रति किलो था. अधिकतम बिक्री मूल्य 76 रुपये और मॉडल दर 65 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई.

सरकार ने उठाए कई बड़े कदम

सरकार के मुताबिक, आयात की अनुमति और सट्टेबाजी व जमाखोरी पर रोक के बाद मिल स्तर पर चीनी का भाव 18 प्रतिशत घटकर 55 रुपये प्रति किलो हो गया है. पिछले सप्ताह यह रिकॉर्ड 67 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया था. हालांकि, इसका असर अभी खुदरा बाजार में नजर नहीं आया है.

आम लोगों को राहत देने के लिए सरकार ने 10 लाख मीट्रिक टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात को मंजूरी दी है. साथ ही डीलरों के लिए 400 टन की स्टॉक सीमा तय की गई है. 1 सितंबर से बड़े औद्योगिक उपभोक्ता 15 दिनों से ज्यादा की खपत का स्टॉक नहीं रख सकेंगे.

जमाखोरी और कालाबाजारी पर नजर रखने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों की संयुक्त टीमें मिलों में चीनी के स्टॉक का भौतिक सत्यापन भी कर रही हैं.

ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button