Onion Price : प्याज की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है. सब्जी हो या सलाद, प्याज रोजमर्रा के खाने का अहम हिस्सा है. ऐसे में दाम बढ़ने के बाद लोगों की नजर अब देश की बड़ी प्याज मंडियों पर है. सवाल यह है कि एशिया की सबसे बड़ी प्याज की थोक मंडी में आखिर प्याज कितने रुपये किलो बिक रही है?
महाराष्ट्र के नासिक जिले में स्थित लासलगांव मंडी को एशिया की सबसे बड़ी प्याज की थोक मंडी के तौर पर जाना जाता है. अगस्त 2026 में यहां प्याज के थोक भाव करीब 40 से 42 रुपये प्रति किलो बताए जा रहे हैं. यानी एक क्विंटल प्याज की कीमत लगभग 4,000 से 4,251 रुपये तक है. हालांकि, प्याज की कीमत उसकी क्वालिटी और साइज के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है.
दूसरी ओर, मौजूदा समय में कई बाजारों में प्याज 55 से 60 रुपये प्रति किलो तक बिक रही है. थोक और खुदरा कीमतों के इस अंतर ने उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ा दी है.
क्यों बढ़ रहे हैं प्याज के दाम?
प्याज की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे कई वजहें बताई जा रही हैं. देश के कई हिस्सों में लगातार हुई मूसलाधार बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचा है. इसका असर प्याज की आवक पर भी पड़ा है और मंडियों में पहले के मुकाबले कम प्याज पहुंच रही है.
इसके अलावा त्योहारों का मौसम नजदीक आने के साथ मांग बढ़ी है. बाजार में प्याज का उपलब्ध स्टॉक कम होने से भी कीमतों पर दबाव बढ़ा है. ऐसे में आने वाले दिनों में प्याज के दाम आम लोगों के लिए राहत देंगे या और बढ़ेंगे, इस पर सभी की नजर बनी हुई है.
ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








