Russia Petrol Import : यूक्रेन के लगातार ड्रोन हमलों ने रूस के फ्यूल सेक्टर की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. कई रिफाइनरियों पर हमलों के असर से घरेलू पेट्रोल उत्पादन में तेज गिरावट आई है. हालात ऐसे हो गए हैं कि दुनिया के बड़े कच्चे तेल निर्यातकों में शामिल रूस को अब पेट्रोल की जरूरत पूरी करने के लिए दूसरे देशों का रुख करना पड़ रहा है. इस बीच भारत रूस को पेट्रोल भेजने वाले प्रमुख देशों में उभरकर सामने आया है.
एनर्जी एनालिस्ट कंपनी वॉर्टेक्सा के आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त में रूस का समुद्री रास्ते से पेट्रोल आयात करीब 1.25 लाख बैरल प्रतिदिन तक पहुंच गया. पूरे महीने के हिसाब से यह मात्रा करीब 4.7 लाख टन बैठती है. रूस की रिफाइनरियों पर लगातार हो रहे ड्रोन हमलों ने घरेलू फ्यूल उत्पादन को प्रभावित किया है.
दो महीने में भारत ने भेजा 10 लाख बैरल पेट्रोल
व्यापार सूत्रों के अनुसार, भारतीय रिफाइनरी यूनिट्स ने पिछले दो महीनों में रूस को करीब 10 लाख बैरल पेट्रोल की सप्लाई की है. इसमें गुजरात की वाडिनार रिफाइनरी की अहम भूमिका रही है. इस रिफाइनरी का संचालन नयारा एनर्जी करती है, जिसमें रूस की सरकारी पेट्रोलियम कंपनी रोसनेफ्ट की 50 प्रतिशत हिस्सेदारी है.
भारत में रिफाइनिंग और फिर रूस वापसी?
रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद भारत ने रूसी कच्चे तेल की खरीद काफी बढ़ाई है. जून और जुलाई में भारत ने रूस से रोजाना 26 लाख बैरल से अधिक कच्चा तेल खरीदा, जबकि फरवरी में यह आंकड़ा करीब 10 लाख बैरल प्रतिदिन था. यह भारत के कुल कच्चे तेल आयात का आधे से ज्यादा हिस्सा रहा.
ऐसी संभावना जताई जा रही है कि रूस को भेजे गए पेट्रोल का कुछ हिस्सा उसी रूसी कच्चे तेल से भारत में तैयार हुआ हो. यानी रूस से निकला कच्चा तेल भारत पहुंचा, यहां रिफाइन हुआ और पेट्रोल बनकर वापस रूस चला गया.
भारत, तुर्किये और मोरक्को बने सप्लायर
वॉर्टेक्सा के मुताबिक, अगस्त में भारत के अलावा तुर्किये और मोरक्को भी रूस को पेट्रोल सप्लाई करने वाले देशों में शामिल रहे. रूस ने पेट्रोल के एक्सपोर्ट पर पूर्ण प्रतिबंध जनवरी 2027 के अंत तक बढ़ाया है. वहीं डीजल निर्यात पर प्रतिबंध 1 सितंबर 2026 तक जारी रहेगा.
अगस्त में रूस के पेट्रोल आयात का करीब 55 प्रतिशत, यानी लगभग 2.6 लाख टन, प्रतिबंधित जहाजों के जरिए पहुंचा.
ये भी पढ़ें- ‘Awarapan 2’ की सफलता के बीच इमरान हाशमी को स्वाइन फ्लू, आइसोलेशन की सलाह, बेंगलुरु शो कैंसिल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









