Nepal Rain Alert : नेपाल में बुधवार को आई विनाशकारी बाढ़ के बाद तबाही का मंजर अभी खत्म नहीं हुआ है. मृतकों की संख्या बढ़कर 675 पहुंच गई है, जबकि 2,400 से ज्यादा लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. इस बीच मौसम विभाग ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में दोबारा बारिश और गरज के साथ आंधी की चेतावनी जारी की है. ऐसे में राहत और बचाव अभियान के बीच नई चिंता खड़ी हो गई है.
बाढ़ से प्रभावित आठों जिलों में शनिवार को भी राहत और बचाव का काम जारी रहा. राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण की अगुवाई में टीमें लापता लोगों की तलाश कर रही हैं और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है.
नेपाल-तिब्बत सीमा के पास ग्लेशियर टूटने के बाद बर्फ और चट्टानों का मलबा तेज बहाव के साथ नीचे आया था. भारी पानी, कीचड़ और मलबे ने मध्य नेपाल के कई हिस्सों में भारी तबाही मचाई. शहरों और गांवों के साथ-साथ जरूरी बुनियादी ढांचे और कई जलविद्युत परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा.
करीब 2,500 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
बचाव अभियान में अब तक करीब 2,500 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है. इनमें 163 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं. हालांकि प्रभावित इलाकों में रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण राहत कार्य लगातार चुनौतीपूर्ण बना हुआ है.
भारत के विदेश मंत्रालय के मुताबिक 29 अगस्त की रात 10:30 बजे तक 108 भारतीय नागरिकों को नेपाल में सुरक्षित बचाया गया है. 50 अन्य भारतीयों से दोबारा संपर्क हो चुका है. वहीं 275 भारतीय नागरिक और 128 भारतीय मूल के लोग अब भी लापता बताए गए हैं.
विदेश मंत्री एस जयशंकर के अनुसार भारत ने 11 टन राहत सामग्री लेकर चौथी उड़ान नेपाल भेजी है. अब तक कुल 68.5 टन राहत सामग्री काठमांडू पहुंचाई जा चुकी है. इसमें दवाएं, पोर्टेबल जनरेटर, खाद्य पैकेट और पानी शुद्ध करने वाली गोलियां शामिल हैं.
नेपाल से नागपुर लौटे भारतीय पर्यटक
इसके अलावा 230 फीट लंबे सिंगल लेन मॉड्यूलर स्टील ब्रिज के लिए 16 ट्रक उपकरण नेपाल पहुंच चुके हैं. सात और बेली ब्रिज के लिए उपकरण और तकनीकी टीमें भी भेजी जाएंगी.
नेपाल में फंसे महाराष्ट्र के भारतीय पर्यटकों का एक समूह सुरक्षित नागपुर लौट आया है. पर्यटकों के मुताबिक बाढ़ की घटना उनके ठिकाने से करीब 50 किलोमीटर दूर हुई थी और वे काठमांडू में फंस गए थे. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया.
ये भी पढ़ें- ‘Awarapan 2’ की सफलता के बीच इमरान हाशमी को स्वाइन फ्लू, आइसोलेशन की सलाह, बेंगलुरु शो कैंसिल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








