Other States

शिमला में 4.0 तीव्रता के भूकंप से हिली धरती, चंबा तक महसूस हुए तेज झटके

Himachal Earthquake : हिमाचल प्रदेश में बुधवार की सुबह भूकंप के झटकों ने लोगों को दहला दिया. चंबा के बाद शिमला में भी धरती हिली. शिमला में आए भूकंप की तीव्रता 4.0 दर्ज की गई, जिसके बाद कई इलाकों में लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए. हालांकि, अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है.

भूकंप का सिलसिला बुधवार तड़के चंबा से शुरू हुआ. सुबह करीब 4:38 बजे चंबा में 2.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया. इसकी गहराई जमीन के करीब 10 किलोमीटर नीचे बताई गई है. अचानक आए झटकों से लोगों में डर का माहौल बन गया.

चंबा में भूकंप का केंद्र धर्मशाला से करीब 63 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बताया गया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस झटके से किसी नुकसान की खबर नहीं है.

5:46 बजे शिमला में हिली धरती

चंबा के करीब एक घंटे बाद सुबह 5:46 बजे शिमला में 4.0 तीव्रता का भूकंप आया. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था. इसकी लोकेशन 31.387° उत्तरी अक्षांश और 77.787° पूर्वी देशांतर पर दर्ज की गई.

शिमला में भूकंप का झटका महसूस होते ही लोगों में अफरा-तफरी और चिंता का माहौल देखा गया. सुबह के समय अचानक धरती हिलने से लोग सहम गए. फिलहाल प्रशासन की ओर से किसी बड़े नुकसान की जानकारी नहीं है.

अरुणाचल प्रदेश में भी सुबह कांपी धरती

इसी दौरान अरुणाचल प्रदेश के वेस्ट कामेंग जिले में भी भूकंप का झटका महसूस किया गया. यहां सुबह करीब 5:28 बजे 2.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया. इस घटना ने हिमाचल के साथ-साथ पूर्वोत्तर क्षेत्र में भी सुबह-सुबह भूकंपीय हलचल दर्ज होने की ओर ध्यान खींचा है.

फिलहाल हिमाचल प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश में इन भूकंपों के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है. शुरुआती तौर पर स्थिति सामान्य बताई जा रही है.

ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button