विदेश

अमेरिका में ICE की कार्रवाई के दौरान डोमिनिकन नागरिक को लगी गोली, विरोध प्रदर्शन शुरू

न्यूयॉर्क के ब्रॉन्क्स स्थित मार्बल हिल इलाके में ICE एजेंटों की कार्रवाई के दौरान डोमिनिकन गणराज्य के एक नागरिक को गोली लग गई. घटना के बाद अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए. मेयर जोहरान ममदानी ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से न्यूयॉर्क में ICE की प्रवर्तन कार्रवाइयां रोकने की मांग करने की बात कही.

New York Firing : अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सख्त आव्रजन नीति के बीच न्यूयॉर्क में हुई गोलीबारी ने विवाद खड़ा कर दिया है. ब्रॉन्क्स के मार्बल हिल इलाके में इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (ICE) एजेंटों की कार्रवाई के दौरान डोमिनिकन गणराज्य के एक नागरिक को गोली लग गई. घटना के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए और बड़ी संख्या में लोग घायल व्यक्ति के इलाज वाले अस्पताल के बाहर जमा हो गए.

यह घटना 8 अक्टूबर को स्थानीय समय के अनुसार शाम करीब 4 बजे हुई. न्यूयॉर्क पुलिस विभाग (NYPD) के मुताबिक, घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया. शुरुआती जानकारी में उसकी चोटों को जानलेवा नहीं बताया गया. हालांकि, गोली चलने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है.

कार में मौजूद था पांच साल का बच्चा

वहीं, न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि घटना के समय एक पांच साल का बच्चा भी उस व्यक्ति की कार में मौजूद था, उन्होंने कहा कि शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, गोली चलने से पहले एजेंटों ने कार को घेर लिया था. ममदानी ने इस घटना को गंभीर बताते हुए ICE की कार्रवाई पर सवाल उठाए.

https://x.com/NYCMayor/status/2108332127318073528?s=20

ट्रंप से कार्रवाई रोकने की मांग करेंगे मेयर

ममदानी ने कहा कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बातचीत के दौरान न्यूयॉर्क में ICE की सभी प्रवर्तन कार्रवाइयों को रोकने की मांग करेंगे, उन्होंने एजेंसी पर समुदायों में भय का माहौल पैदा करने का आरोप लगाया और बच्चों को ऐसी कार्रवाइयों से दूर रखने की बात कही.

अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (DHS) के अनुसार, ICE एजेंट लक्षित गिरफ्तारी अभियान चला रहे थे. विभाग ने घायल व्यक्ति पर आपराधिक रिकॉर्ड और एक गिरोह से संबंध होने का आरोप लगाया है. हालांकि, गोली चलने से ठीक पहले क्या हुआ, इसका पूरा विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया है. मामले की जांच जारी है और घटना ने अमेरिका में ICE की कार्यप्रणाली को लेकर बहस तेज कर दी है.

ये भी पढ़ें- भाजपा चाहे जितनी भी रेड कर ले, हमारे पास भ्रष्टाचार का एक भी रुपया नहीं मिलेगा- सीएम मान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button