विदेश

फ्लाईदुबई फ्लाइट में बड़ा हंगामा, पायलट पर विमान क्रैश की कोशिश का दावा, 180 यात्री थे सवार, सऊदी में कराई गई लैंडिंग

Flydubai Flight Incident : दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में कॉकपिट विवाद के बाद हाईजैक अलर्ट जारी हुआ। विमान ने इमरजेंसी कोड भेजे, जिसके बाद इजराइल ने फाइटर जेट भेजे। बाद में फ्लाइट का रास्ता बदलकर सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। घटना की जांच जारी है और कई दावों की पुष्टि बाकी है।

Flydubai Flight Incident : दुबई से इजराइल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में कॉकपिट के अंदर पायलटों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। घटना के बाद विमान से इमरजेंसी और हाईजैक अलर्ट जारी किया गया, जिसके चलते इजराइल ने सुरक्षा के लिए फाइटर जेट रवाना किए। हालांकि पायलट द्वारा विमान क्रैश करने की कोशिश के दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

विमान में भेजे गए इमरजेंसी कोड

जानकारी के मुताबिक, फ्लाईदुबई की बोइंग 737 मैक्स 8 फ्लाइट ने पहले 7700 इमरजेंसी कोड भेजा। इसके कुछ समय बाद विमान से 7500 कोड जारी किया गया, जिसका इस्तेमाल हाईजैक की स्थिति में किया जाता है। इसके बाद विमान की सुरक्षा को लेकर कई एजेंसियां सक्रिय हो गईं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई से कुछ समय में लगभग 16,600 फीट तक नीचे आया और फिर उसका मार्ग बदल दिया गया। बाद में विमान को सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।

कॉकपिट में हुई थी हाथापाई

इजराइली अधिकारियों ने विमान में पायलटों के बीच हाथापाई होने की पुष्टि की है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विवाद कॉकपिट के अंदर शुरू हुआ था। कुछ यात्रियों और दूसरे पायलट ने स्थिति को नियंत्रित करने में मदद की। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यात्रियों के हवाले से दावा किया गया कि एक पायलट द्वारा विमान की दिशा बदलने की कोशिश की गई, जिसके बाद यात्रियों ने हस्तक्षेप किया। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।

विमान में करीब 180 यात्री थे सवार

फ्लाइट में करीब 180 यात्री मौजूद थे, जिनमें बड़ी संख्या में इजराइली नागरिक शामिल थे। घटना के दौरान विमान में मौजूद कुछ यात्रियों ने कॉकपिट के पास शोर सुनने और अंदर विवाद होने की जानकारी दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक पायलट घायल भी हुआ था और विमान में मौजूद एक यात्री ने उसकी मदद की। हालांकि घटना की पूरी परिस्थितियों और विवाद की वजह की जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

सुरक्षा एजेंसियां कर रही जांच

हाईजैक अलर्ट मिलने के बाद इजराइली सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति की निगरानी शुरू की। अधिकारियों ने विमान की सुरक्षा को लेकर आपात बैठकें कीं और संभावित सुरक्षा पहलुओं की जांच शुरू की। रिपोर्ट्स के अनुसार, जिस पायलट पर आरोप लगाए जा रहे हैं, उसकी नागरिकता को लेकर भी शुरुआती जानकारी सामने आई है। फिलहाल संबंधित अधिकारियों की ओर से मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें- राजभर का अखिलेश पर हमला- ‘PDA में परिवार, दौलतमंद और अपराधियों को राज्यसभा भेजने की जुगत में लगे हैं’

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button