बड़ी ख़बरविदेश

कांगो नदी में दो नावों की भीषण टक्कर, 30 की मौत, दर्जनों अब भी लापता

Congo Boat Accident : कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में कांगो नदी पर दो मोटर चालित लकड़ी की नावों की टक्कर में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद कई लोग लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, एक नाव उबांगी से किंशासा और दूसरी किंशासा से लुकोलेला जा रही थी। ओवरलोडिंग को संभावित कारण बताया जा रहा है।

Congo Boat Accident : कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में रविवार को कांगो नदी पर बड़ा नाव हादसा हुआ। नगोंबे-लुकोलेला इलाके के पास दो नावें आपस में टकरा गईं। हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। स्थानीय अधिकारियों ने सोमवार को दुर्घटना की जानकारी दी।

दोनों नावें अलग-अलग दिशा से आ रही थीं

इक्वेटर प्रांत के गृह मंत्री क्रिस्पिन मपुतु के अनुसार, एक नाव उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र उबांगी से राजधानी किंशासा की तरफ जा रही थी। दूसरी नाव किंशासा से लुकोलेला की ओर बढ़ रही थी। लुकोलेला के पास दोनों नावों की भिड़ंत हुई। हादसे के बाद राहत और बचाव दल ने नदी में लापता लोगों और संभावित जीवित बचे लोगों की तलाश शुरू कर दी।

30 शव दफन, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

अधिकारियों के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वाले 30 लोगों को दफना दिया गया है। हालांकि, कई लोगों के लापता होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। दुर्घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है और मामले की जांच की जा रही है।

ओवरलोडिंग को लेकर सामने आया दावा

एक सुरक्षा बल के सदस्य ने दावा किया कि उबांगी से लौट रही नाव पर क्षमता से अधिक सामान लदा हुआ था। उनके मुताबिक, इसी दौरान उसकी दूसरी नाव से टक्कर हो गई और नाव पूरी तरह नदी में डूब गई। उन्होंने बताया कि नाव पर सवार कई यात्री पानी में फंस गए थे। सुरक्षा कारणों से उन्होंने अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं की।

कांगो में आम हैं नाव हादसे

कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य के दूरदराज क्षेत्रों में नाव दुर्घटनाएं अक्सर सामने आती हैं। देर रात नौकाओं का संचालन, क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाना, सुरक्षा मानकों की कमी और कमजोर बुनियादी ढांचा ऐसे हादसों के प्रमुख कारणों में शामिल बताए जाते हैं। बीते वर्षों में भी देश में कई नौका दुर्घटनाओं में बड़ी संख्या में लोगों की जान जा चुकी है।

बकावु में स्कूलों में आग का भीषण हादसा

इससे पहले पिछले महीने कांगो के बकावु शहर में दो स्कूलों में आग लगने से कम से कम 26 छात्रों की मौत हुई थी। मृतकों में 19 लड़कियां और 7 लड़के शामिल थे, जबकि कई अन्य छात्र घायल हुए थे।

ये भी पढ़ें- यूपी में बदली जर्जर जल संरचनाओं की तस्वीर, योगी सरकार ने रचा तकनीकी कीर्तिमान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button