विदेश

ईरान से कारोबार पड़ा भारी, अमेरिका ने 4 भारतीय कंपनियों पर लगाया प्रतिबंध

Iran Trade : अमेरिका- ईरान के बीच जारी तनाव अब कारोबार की दुनिया तक पहुंच गया है. वॉशिंगटन ने तेहरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाते हुए भारत की चार कंपनियों को भी अपनी नई कार्रवाई के दायरे में लिया है. अमेरिका का आरोप है कि इन कंपनियों ने ईरान से पेट्रोलियम और पेट्रोकेमिकल उत्पादों की खरीद-बिक्री में भूमिका निभाई.

यह कार्रवाई अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट की ओर से शुरू किए गए ‘ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट’ का हिस्सा है. इस अभियान के जरिए अमेरिका ईरान की कमाई के स्रोतों और उससे जुड़े कारोबारी नेटवर्क पर शिकंजा कसना चाहता है. वॉशिंगटन ने दूसरे देशों और कंपनियों को भी तेहरान के साथ आर्थिक रिश्तों को लेकर सख्त चेतावनी दी है.

4 भारतीय कंपनियां निशाने पर

अमेरिकी कार्रवाई की सूची में पोर्टईज पार्टनर्स LLP, सदाशिवा ओवरसीज लिमिटेड, PP सॉफ्टटेक प्राइवेट लिमिटेड और प्रकृतिस इंफ्रा इम्पेक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं. अमेरिकी विदेश विभाग के मुताबिक, पोर्टईज पार्टनर्स ने ईरानी पेट्रोकेमिकल उत्पादों की कई खेप भारत पहुंचाने में मदद की थी.

119 मिलियन डॉलर का कारोबार

अमेरिकी दावों के मुताबिक, सदाशिवा ओवरसीज ने फरवरी 2024 से जून 2025 के बीच करीब 69 मिलियन डॉलर के ईरानी मूल के पेट्रोलियम उत्पाद आयात किए. वहीं PP सॉफ्टटेक और प्रकृतिस इंफ्रा पर करीब 25-25 मिलियन डॉलर के उत्पादों के आयात का आरोप है. यानी तीन कंपनियों से जुड़े कारोबार की कुल रकम लगभग 119 मिलियन डॉलर बताई गई है.

इस कार्रवाई के साथ अमेरिका ने साफ संकेत दिया है कि ईरान के साथ कारोबार करने वाली विदेशी कंपनियों पर भी उसकी नजर है. आने वाले समय में ऐसे कारोबारियों पर दबाव और बढ़ सकता है.

ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button