Punjab

Punjab Weather : पंजाब में ठंड से बढ़ी ठिठुरन, हवाई सेवाओं पर पड़ा असर, दो दिन घने कोहरे का अलर्ट

Punjab Weather : उत्तर भारत में ठंड लगातार अपना रिकार्ड बना रही है। कई पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। वहीं मैदानी इलकों में ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी है। पहाड़ी इलाकों में जारी बर्फबारी से पंजाब और चंडीगढ़ में ठंड अधिकतम दर्ज की गई है। वहीं अमृतसर में इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। जहां न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

हवाई सेवाओं पर पड़ा प्रभाव

रविवार को भी पंजाब के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। चंडीगढ़ में कोहरे के कारण दृश्यता कम रही, जिसका प्रभाव राहगीरों, ट्रेनों और हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर सुबह 5:55 बजे पुणे से आने वाली एक फ्लाइट देरी से पहुंची, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, बाकी उड़ानें सामान्य रूप से संचालित होती रहीं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 13 और 14 जनवरी को प्रदेश में धुंध और कोहरे का असर और अधिक बढ़ सकता है।

लोहड़ी के त्योहार पर मिलेगी राहत

पंजाब में रविवार को 10 जिलों मे घना कोहरा, 5 जिलों में शीतलहर और 6 जिलों में कोल्ड डे की स्थिति देखने को मिली। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार लोहड़ी के त्योहार को लेकर राहत भरी खबर है। इस बार लोहड़ी के दिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि 15 -16 जनवरी के बाद ही बारिश के आसार बन सकते हैं।

त्योहार को लेकर लोगों में खास उत्साह

बता दें कि पिछले कई वर्षों में लोहड़ी के त्योहार पर बारिश के चलते पतंगबाजी और सार्वजनिक आयोजनों में बाधा आती रही। खासकर पिछले दो सालों में कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई थी। जिस कारण त्योहार का उत्साह फीका पड़ जा रहा था। इस बार मौसम साफ रहने की संभावना से लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

राजनीतिक कॉन्फ्रेंस होगी आयोजित

14 जनवरी को माघी पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री मुक्तसर साहिब समेत अन्य प्रमुख गुरुद्वारों में स्नान के लिए पहुंचते हैं। इसी दिन माघी मेला और राजनीतिक कॉन्फ्रेंस भी आयोजित होती हैं। मौसम के अनुकूल रहने से श्रद्धालुओं के साथ-साथ राजनीतिक दलों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार बरकरार रहेगी ठंड

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में ठंड का असर अभी आगे भी बरकरार रहेगा। शनिवार को पंजाब में औसतन अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने बताया कि उत्तर पाकिस्तान और आसपास के पंजाब क्षेत्र में ऊपरी हवा में बने मौसम तंत्र की वजह से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी कारण प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3.4 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है।

ये भी पढ़ें- अमृत भारत योजना के तहत बिहार को ट्रेनों की सौगात, 6 ट्रेनों से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button