राष्ट्रीय

विदेश यात्रा करने वालों को बड़ी राहत, अब बोर्डिंग पास पर नहीं लगेगी इमिग्रेशन की मुहर

Airport Immigration : विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए 1 सितंबर से हवाई अड्डों पर इमिग्रेशन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. गृह मंत्रालय के अधीन काम करने वाले ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन ने सभी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बोर्डिंग पास पर इमिग्रेशन की मुहर लगाने की अनिवार्यता खत्म करने का फैसला किया है. नई व्यवस्था लागू होने के बाद यात्रियों को बोर्डिंग पास पर मुहर लगवाने के लिए इमिग्रेशन काउंटर पर अतिरिक्त समय नहीं देना पड़ेगा.

इमिग्रेशन प्रक्रिया होगी आसान और तेज

नई व्यवस्था के तहत यात्री अपने मोबाइल फोन में मौजूद ई-बोर्डिंग पास दिखाकर इमिग्रेशन जांच पूरी कर सकेंगे. अधिकारियों के मुताबिक, इस बदलाव का मकसद इमिग्रेशन प्रक्रिया को यात्रियों के लिए आसान और तेज बनाना है.

बोर्डिंग पास पर मुहर लगाने को लेकर ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन को लंबे समय से यात्रियों की शिकायतें मिल रही थीं. कई बार यात्रियों को मुहर लगवाने के लिए इमिग्रेशन काउंटर पर लंबी कतार में खड़ा रहना पड़ता था. इससे प्रक्रिया में अतिरिक्त समय लगता था.

मुहर से जुड़ी परेशानियां भी होंगी खत्म

कई मामलों में बोर्डिंग पास पर लगी मुहर स्पष्ट नहीं होती थी या गलत जगह लग जाती थी. बाद में ऐसी मुहर को पढ़ने या पहचानने में भी परेशानी आती थी. इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पुरानी व्यवस्था में बदलाव का फैसला किया गया है.

बदलावों से पहले परीक्षण परियोजना

नई व्यवस्था के बावजूद यात्री चाहें तो प्रिंटेड बोर्डिंग पास अपने पास रख सकते हैं. हालांकि, इमिग्रेशन अधिकारी अब उस बोर्डिंग पास पर मुहर नहीं लगाएंगे. यानी यात्री अपनी सुविधा के अनुसार मोबाइल या कागजी बोर्डिंग पास का इस्तेमाल कर सकेंगे.

इन बदलावों को पूरी तरह लागू करने से पहले एक परीक्षण परियोजना चलाई जा रही है. अगर यह परीक्षण सफल रहता है, तभी इस व्यवस्था को देशभर में लागू किया जाएगा.

ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button