Andhra Pradesh : आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले के राजमुंदरी इलाके से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. पिछले 48 घंटों में अचानक किडनी संबंधी गंभीर बीमारी के कारण 4 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 12 अन्य मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है. सभी प्रभावित लोगों की उम्र 65 साल से अधिक बताई जा रही है.
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि सभी पीड़ितों ने मिलावटी दूध का सेवन किया था. दूध पीने के तुरंत बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिससे 4 की मौत हुई और कई लोग गंभीर रूप से बीमार हुए.
75 परिवारों से सैंपल लिए गए
अधिकारियों ने कोरुकोंडा मंडल के नरसापुरम गांव से उस दूध विक्रेता को हिरासत में ले लिया है, जिसकी डेयरी यूनिट अवैध रूप से संचालित हो रही थी. उसकी डेयरी को भी सीज कर दिया गया है. अधिकारियों ने बताया कि इस वेंडर से दूध सप्लाई किए गए 105 परिवारों में से 75 परिवारों से सैंपल लिए गए हैं, जिनकी टेस्टिंग की जा रही है ताकि बीमारी के कारण का पता लगाया जा सके.
तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए
विजयवाड़ा से विशेष टीमें राजमुंदरी भेजी गई हैं, जो मेडिकल सहायता और बचाव कार्यों की निगरानी कर रही हैं. मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों के साथ इमरजेंसी समीक्षा बैठक की और पीड़ितों के बेहतर इलाज के लिए तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
जिला प्रशासन को सूचना मिलते ही प्रभावित इलाकों में पानी के सैंपल की जांच कराई गई, जिसमें कोई समस्या नहीं मिली. इसके बाद जांच का फोकस मिलावटी दूध पर केंद्रित किया गया, क्योंकि सभी पीड़ित परिवारों का लिंक एक ही दूध वेंडर से जुड़ा पाया गया.
ये भी पढ़ें- Ration Card : मोदी सरकार का बड़ा फैसला, राशन की जगह अब सीधे अकाउंट में आएंगे पैसे
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








