Washington News : व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान फायरिंग की घटना के बाद पूरा माहौल अचानक बदल गया. कुछ ही देर पहले जहां कार्यक्रम चल रहा था, वहीं घटना के बाद मंच खाली नजर आया और पूरे हॉल में सन्नाटा छा गया. सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत पूरे हॉल को अपने कब्जे में ले लिया.

वॉशिंगटन डीसी के प्रतिष्ठित हिल्टन होटल में यह आयोजन किया गया था. कार्यक्रम में राजनीति, मीडिया और मनोरंजन जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद थीं. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और मेलानिया ट्रंप के पहुंचने से पहले माहौल उत्साहपूर्ण था, लेकिन फायरिंग की आवाज ने सब कुछ बदल दिया.

घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राष्ट्रपति और अन्य शीर्ष नेताओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया. कुछ ही मिनटों में पूरे हॉल को खाली करा लिया गया और होटल परिसर को घेर लिया गया.

घटना के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस स्थित जेम्स ब्रैडी प्रेस ब्रीफिंग रूम पहुंचे और मीडिया से बातचीत की, उन्होंने कहा कि सभी लोग सुरक्षित हैं और मामले की जांच जारी है, उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की.
फायरिंग के बाद राष्ट्रपति का काफिला कड़ी सुरक्षा के बीच होटल से व्हाइट हाउस के लिए रवाना हुआ. इस दौरान पूरे रास्ते सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई थी.

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति मंच पर मौजूद थे और हॉल में बड़ी संख्या में मेहमान और पत्रकार मौजूद थे. अचानक ऊपर के हिस्से से गोली चलने जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई. कई लोग अपनी जान बचाने के लिए टेबलों के नीचे छिप गए, जबकि कुछ बाहर की ओर भागे.

घटना के बाद मार्को रुबियो और उनकी पत्नी व्हाइट हाउस के बाहर नजर आए. पूरे परिसर को सील कर दिया गया और हर व्यक्ति की गहन जांच की गई.

सुरक्षा एजेंसियों ने संदिग्ध शूटर को मौके पर ही पकड़ लिया. फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और जांच एजेंसियां घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही हैं.

ये भी पढ़ें- चैटिंग होगी और आसान, WhatsApp में आ सकते हैं फ्लोटिंग नोटिफिकेशन बबल्स
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









