Road Acciden : आंध्र प्रदेश के पलनाडु जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सात परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया. चिलकलुरिपेट में अड्डा रोड के पास एक निजी ट्रैवल बस और ऑटो-रिक्शा की आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. दो अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के मुताबिक, निजी बस विजयवाड़ा से चेन्नई की ओर जा रही थी. इसी दौरान उसका ऑटो-रिक्शा से टकराव हो गया. ऑटो में सवार लोग कोंडा मंजुरु से वेल्लोर एक समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और 108 आपातकालीन एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची. घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
परिवहन मंत्री ने जताया दुख
वहीं, आंध्र प्रदेश के परिवहन मंत्री मंडीपल्ली रामप्रसाद रेड्डी ने हादसे में हुई मौतों पर गहरा दुख जताया, उन्होंने कहा, “यात्रा लोगों को उनके गंतव्य तक ले जानी चाहिए, न कि उनके अंतिम गंतव्य तक.” मंत्री ने अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और दुर्घटनास्थल पर यातायात व्यवस्था सामान्य करने के निर्देश दिए, उन्होंने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की अपील की.
24 अगस्त को पुलिस वाहन भी हुआ था हादसे का शिकार
इससे पहले 24 अगस्त को विजयनगरम जिले में ब्रेक फेल होने से पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. हादसे में कांस्टेबल वेंकट रमना की मौत हो गई, जबकि एसआई नागेंद्र प्रसाद और चालक राजबाबू घायल हुए थे. पुलिस वाहन जांच के लिए कोंडाकरकम गांव जा रहा था. दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
ये भी पढ़ें- इस्लामाबाद में दर्दनाक हादसा, PIMS अस्पताल में लगी आग, 15 बच्चे जिंदा जले
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









