विदेश

नेपाल में कुदरत का कहर, अचानक आई बाढ़ ने मचाई तबाही, 7 की मौत

Nepal Flash Flood : उत्तरी नेपाल में बुधवार सुबह अचानक आई बाढ़ ने सीमावर्ती इलाकों में भारी तबाही मचा दी. रसुवा जिले में भोटे कोशी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से कई बस्तियां प्रभावित हुईं. इस घटना में सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कम से कम 25 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है. निचले इलाकों के कई जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है.

अधिकारियों के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 9 बजे भोटे कोशी नदी में अचानक बाढ़ आ गई. बताया जा रहा है कि नदी में पानी तिब्बत की ओर से आया. अचानक जलस्तर बढ़ने से रसुवा के तिमुरे और आसपास के स्याफ्रुबेसी इलाके में भारी नुकसान हुआ. कई वाहन, सामान और दूसरी संपत्तियां पानी में बह गईं.

दोनों इलाकों में काफी नुकसान

रसुवा के सहायक मुख्य जिला अधिकारी ध्रुव प्रसाद अधिकारी ने बताया कि बाढ़ का स्तर असामान्य रूप से अधिक था और दोनों इलाकों में काफी नुकसान हुआ है. सीमा शुल्क अधिकारी राजेंद्र ढुंगाना के अनुसार, सीमा शुल्क परिसर में खड़े कई वाहन और सामान भी बह गए. हाल ही में बनाया गया एक पुल भी बाढ़ की चपेट में आकर बह गया.

नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण ने रसुवा के अलावा नुवाकोट, धादिंग, चितवन और गोरखा में नदी किनारे रहने वाले लोगों से अगले आदेश तक बेहद सतर्क रहने और जरूरी सुरक्षा उपाय करने की अपील की है.

प्रभावित इलाकों में जवान तैनात

बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है. नेपाल सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस के जवानों को प्रभावित इलाकों में तैनात किया गया है. सेना ने त्रिशूली नदी के आसपास खोज और बचाव अभियान के लिए दो हेलीकॉप्टर भी भेजे हैं. इनमें चिकित्सा बचाव दल से लैस एमआई-17 हेलीकॉप्टर भी शामिल है.

अधिकारियों के मुताबिक, बाढ़ से हुए नुकसान का पूरा आकलन अभी नहीं हो पाया है और आंकड़े जुटाने का काम जारी है. खास बात यह है कि ठीक एक साल पहले भी भोटेकोशी में आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई थी, जिसमें रसुवा में कम से कम 10 लोगों की मौत हुई थी. जल विज्ञान एवं मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, इस बार की बाढ़ रसुवा में हुई बारिश के कारण नहीं आई.

ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button