Other States

ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा रद्द, पेपरलीक की शिकायतों के बाद आयोग ने लिया फैसला, फिर होगा एग्जाम

MPSC Exam Cancellation : महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर (ग्रुप-B) पदों की भर्ती प्रक्रिया रद्द कर दी है. 22 मार्च 2026 को हुई स्क्रीनिंग परीक्षा में कथित गड़बड़ी की शिकायतों के बाद शुरुआती जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आयोग ने यह फैसला लिया है.

शिकायतों में आरोप लगाया गया कि 20 मार्च को ही कुछ उम्मीदवारों तक प्रश्नपत्र या उसमें शामिल सवाल पहुंच गए थे. बाद में इन्हें सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों के जरिए फैलाने की बात भी सामने आई. 22 से 26 जुलाई के बीच आयोग को उम्मीदवारों और जनप्रतिनिधियों की ओर से ईमेल के जरिए शिकायतें मिली थीं.

मामले की गंभीरता को देखते हुए आयोग ने 27 जुलाई को जांच मुंबई पुलिस कमिश्नर को सौंप दी. क्राइम ब्रांच के डीसीपी की शुरुआती जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रथम दृष्टया सामने आया कि एक उम्मीदवार को प्रश्नों का सेट मिला था और उसे इसका फायदा हुआ.

488 उम्मीदवारों के हुए इंटरव्यू

MPSC ने इस भर्ती के लिए 29 जुलाई 2025 को विज्ञापन जारी किया था. स्क्रीनिंग परीक्षा 22 मार्च 2026 को राज्य के छह संभागीय मुख्यालयों पर ऑफलाइन आयोजित हुई थी. परीक्षा का परिणाम 12 जून को घोषित किया गया था, जिसमें 506 उम्मीदवार इंटरव्यू के लिए योग्य पाए गए.

इनमें से 488 उम्मीदवारों के इंटरव्यू 1 जुलाई से 22 जुलाई के बीच हुए. इंटरव्यू पूरा होने के बाद 22 जुलाई की शाम आयोग की वेबसाइट पर 488 उम्मीदवारों की अस्थायी सामान्य मेरिट सूची जारी की गई. इसमें 485 उम्मीदवार योग्य और तीन अयोग्य घोषित किए गए थे.

अब दोबारा होगी परीक्षा

आयोग अब पहले जारी विज्ञापन के आधार पर ड्रग इंस्पेक्टर पदों के लिए परीक्षा फिर से आयोजित करेगा. खास बात यह है कि मौजूदा उम्मीदवारों को दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी और उनसे कोई परीक्षा शुल्क भी नहीं लिया जाएगा. नई परीक्षा की तारीख और अन्य जरूरी जानकारी आयोग अलग से जारी करेगा.

ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button