Other States

सूर्यापेट में बड़ा सड़क हादसा, लोहे की रॉड से लदे कंटेनर से टकराई बस, 5 की मौत

Container Truck Accident : तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को दहला दिया. कोडाड मंडल में द्वाराकुंटा के पास हैदराबाद से एलुरु जा रही एक निजी ट्रैवल बस लोहे की छड़ों से भरे कंटेनर में पीछे से जा घुसी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर में लदी भारी लोहे की रॉड बस का अगला हिस्सा और शीशा तोड़ते हुए अंदर यात्रियों की सीटों तक पहुंच गई.

हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई. कई यात्री बस के अंदर फंस गए और मदद के लिए चीख-पुकार करने लगे. सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा. इसके बाद फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. करीब एक घंटे से अधिक समय तक चले अभियान में कड़ी मशक्कत के बाद यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया.

5 लोगों की मौत करीब 20 घायल

इस दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को तत्काल आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया गया. गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में भेजा गया.

हाईवे पर लगा लंबा जाम

हादसे के बाद हैदराबाद-विजयवाड़ा नेशनल हाईवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात व्यवस्था सामान्य करने की कार्रवाई शुरू की.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस कंटेनर में पीछे से टकराई थी. इसके बाद कंटेनर में लदी लोहे की भारी छड़ें बस के भीतर घुस गईं, जिससे हादसा बेहद भयावह हो गया. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button