Delhi NCR

दिल्ली में बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, जगह-जगह जलभराव, जानें आज कैसा रहेगा मौसम

Delhi Weather : दिल्ली में मंगलवार को हुई झमाझम बारिश ने राजधानी की रफ्तार थाम दी. कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया और इसके चलते जगह-जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई. नई संसद भवन के आसपास भी जलभराव का नजारा देखने को मिला. वहीं, AIIMS और सफदरजंग अस्पताल के पास भारी पानी जमा होने के वीडियो और तस्वीरें सामने आईं. कश्मीरी गेट में बारिश के बाद एक इमारत की दीवार ढहने की भी जानकारी सामने आई.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक दिल्ली में 99.1 मिमी बारिश दर्ज की गई. इसके बाद सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक 8.7 मिमी बारिश हुई. पिछले 24 घंटों में अयानगर में सबसे ज्यादा 101.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. रिज में 100 मिमी, सफदरजंग में 99.1 मिमी, लोधी रोड में 98.3 मिमी और पालम में 68.8 मिमी बारिश दर्ज हुई.

बारिश का असर तापमान पर भी पड़ा. मंगलवार को न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम था. अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम रहा. गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 35 और नोएडा में 34.8 डिग्री सेल्सियस रहा.

आज भी छाए रहेंगे बादल

IMD के अनुसार बुधवार को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे. न्यूनतम तापमान 25 से 27 और अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. सुबह से दोपहर के बीच बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है.

पिछले 24 घंटों में राजधानी के न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई. दिन में पूर्वी हवाएं 10-15 किमी/घंटा की रफ्तार से चलीं, जबकि पालम में शाम 6 बजे हवा की गति 30 किमी/घंटा तक पहुंच गई.

ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button