Patna BPSC Protest : बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती से जुड़ी मांगों को लेकर मंगलवार को पटना में छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया. 70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने और भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी अन्य मांगों को लेकर छात्र गांधी मैदान से राजभवन की ओर मार्च कर रहे थे. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी और प्रतिबंधित क्षेत्र की तरफ बढ़ने लगे.
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. इसके बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे तो पुलिस ने लाठीचार्ज किया. लाठीचार्ज के दौरान एक छात्र के सिर में चोट लगने की बात सामने आई है. एक छात्रा के बेहोश होने की भी सूचना है. वहीं, राजभवन की ओर बढ़ रहे कुछ छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया.
जेपी गोलंबर पर टूटी बैरिकेडिंग
वहीं, छात्रों का एक समूह मुख्यमंत्री आवास के घेराव के लिए भी आगे बढ़ा. प्रदर्शनकारियों ने जेपी गोलंबर पर पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी और डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गए. पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया.
छात्र 70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने के अलावा BPSC TRE-4 में PT और Mains के बीच नेगेटिव मार्किंग हटाने और 100 प्रतिशत डोमिसाइल की मांग को लेकर भी आंदोलन कर रहे हैं.
JDU नेता ने छात्रों से की धैर्य रखने की अपील
वहीं, JDU नेता श्रवण कुमार ने कहा कि छात्रों और रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं की समस्याओं को सरकार गंभीरता से ले रही है, उन्होंने कहा कि नियम और प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है. साथ ही उन्होंने छात्रों से धैर्य रखने और विपक्ष के बहकावे में नहीं आने की अपील की.
शिक्षा मंत्री ने कहा- मुद्दों का समाधान हो चुका
बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने दावा किया कि छात्रों ने जिन मुद्दों को लेकर आंदोलन शुरू किया था, उनका समाधान सरकार ने कर दिया है, उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की समस्याओं का समय पर समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है. मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए तेजस्वी यादव की शैक्षणिक योग्यता को लेकर भी टिप्पणी की, उन्होंने कहा कि पहले 10वीं पास कर परीक्षा पर सुझाव देना चाहिए.
फिलहाल पटना में प्रदर्शन के दौरान हुए हंगामे के बाद छात्रों की मांगों और सरकार के रुख पर सबकी नजर बनी हुई है.
ये भी पढ़ें – 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े का शुभारंभ, डॉ. बलबीर सिंह ने लोगों से नेत्रदान के लिए आगे आने की अपील
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









