Japan Earthquake : जापान में रविवार तड़के आए तेज भूकंप से टोक्यो समेत पूर्वी जापान के कई इलाके हिल गए. प्रारंभिक तौर पर भूकंप की तीव्रता 5.9 मापी गई है. झटकों के बाद चार प्रांतों में 23 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. हालांकि, ज्यादातर लोगों को मामूली चोटें आई हैं. भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं बताया गया है.
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (IMA) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र दक्षिणी इबाराकी प्रांत में था और इसकी गहराई करीब 70 किलोमीटर थी. यह इलाका लगातार भूकंपीय गतिविधियों के लिए जाना जाता है. वहीं, अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने भूकंप की प्रारंभिक तीव्रता 5.8 दर्ज की है.
भूकंप के झटके टोक्यो क्षेत्र में भी महसूस किए गए. फिलहाल किसी बड़े नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है.
चार प्रांतों में 23 लोग घायल
अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप के कारण सैतामा में 9, कानागावा में 9, चिबा में 4 और इबाराकी में एक व्यक्ति घायल हुआ है. ज्यादातर लोगों को उस समय चोट लगी, जब वे सो रहे थे और अचानक आए झटकों से घबराकर उठे.
कुछ लोग हड़बड़ी में बिस्तर से उठते समय गिर गए, जबकि कुछ फर्नीचर या दरवाजों से टकराकर घायल हुए.
जापानी अखबार योमिउरी के मुताबिक, कानागावा प्रांत के योकोहामा में 80 साल से अधिक उम्र की एक महिला भूकंप के दौरान अपने बिस्तर से गिर गई. हादसे में उसके कूल्हे में गंभीर चोट आई है.
ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








