राष्ट्रीय

लाल किले से माओवाद पर PM मोदी का बड़ा संदेश, बोले- ‘दिमागी नक्सलियों को पहचानना और आइसोलेट करना होगा’

Narendra Modi Red Fort Speech : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले से देश को संबोधित करते हुए नक्सलवाद और माओवाद को लेकर कड़ा संदेश दिया, उन्होंने कहा कि देश ने जंगलों में हथियारबंद नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है, लेकिन अब एक नई चुनौती सामने है. प्रधानमंत्री ने इसे ‘दिमागी नक्सल’ बताते हुए कहा कि ऐसे लोगों को पहचानना और अलग-थलग करना जरूरी है.

पीएम मोदी ने कहा कि लंबे समय तक माओवादी सोच रखने वाले लोग सत्ता के गलियारों में अपनी जगह बनाए बैठे रहे, उन्होंने दावा किया कि सरकारी कमेटियों में सलाहकार के तौर पर भी ऐसी सोच ने नीतियों को प्रभावित किया. प्रधानमंत्री ने कहा कि समाज को गलत दिशा में ले जाने के लिए अलग-अलग प्रयास किए जा रहे हैं.

उन्होंने युवाओं को देश के विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि सुरक्षित भारत बनाना सभी की जिम्मेदारी है, उन्होंने कहा कि चुनौती देश की सीमा के भीतर हो या बाहर, भारत हर परिस्थिति के लिए तैयार है.

लाखों युवाओं का भविष्य तबाह किया

प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद और माओवाद को दशकों पुरानी चुनौती बताते हुए कहा कि इसने लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित किया और कई परिवारों के सपने तोड़े. उनके मुताबिक, करीब चार दशक तक देश की बड़ी आबादी हिंसा और बंदूक के दबाव में रही.

पीएम मोदी ने कहा कि नक्सली हिंसा के खिलाफ लड़ाई में 3500 से ज्यादा सुरक्षाबलों के जवान शहीद हुए, उन्होंने कहा कि नक्सलवाद ने देश के कई हिस्सों में भारी हिंसा और तबाही मचाई.

2014 में ही लिया था नक्सलवाद मुक्त भारत का संकल्प

पीएम मोदी ने कहा कि 2014 में सरकार को मौका मिलने के साथ ही नक्सलवाद से देश को मुक्त कराने का संकल्प लिया गया था, उन्होंने कहा कि आज नक्सली-माओवादी हिंसा कमजोर पड़ चुकी है और अब उसके पास आखिरी सांस लेने की ताकत भी नहीं बची है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि जिन इलाकों में कभी हिंसा का माहौल था, आज वहां विकास, विश्वास और प्रयास का तिरंगा लहरा रहा है. हालांकि, उन्होंने साथ ही चेताया कि इस चुनौती को किसी भी स्थिति में कम नहीं आंकना चाहिए.

ये भी पढ़ें- E20 पेट्रोल, फ्लेक्स फ्यूल या EV कार? नई गाड़ी खरीदने से पहले जानें किसमें है ज्यादा फायदा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

 Edit Post

Related Articles

Back to top button