JP Nadda Hospitalized: केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा को बेचैनी की शिकायत के बाद दिल्ली के AIIMS में भर्ती कराया गया है. अस्पताल में उनकी कई जांच की गईं, जिसमें कोरोनरी एंजियोग्राफी भी शामिल है. फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई गई है और उन्हें कार्डियोलॉजी विभाग में निगरानी में रखा गया है.
दिल्ली AIIMS की ओर से जेपी नड्डा की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया गया है. यह बयान AIIMS नई दिल्ली के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी साझा किया गया.
अस्पताल की ओर से जारी बयान में कहा गया कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा की बेचैनी की जांच 13 अगस्त 2026 की शाम को की गई. इस दौरान कोरोनरी एंजियोग्राफी समेत कई टेस्ट किए गए. AIIMS के मुताबिक, जेपी नड्डा की हालत फिलहाल स्थिर है और उन्हें कार्डियोलॉजी विभाग में निगरानी के लिए भर्ती किया गया है.
क्या होती है कोरोनरी एंजियोग्राफी?
कोरोनरी एंजियोग्राफी एक मेडिकल इमेजिंग प्रक्रिया है, जिसका इस्तेमाल हृदय की कोरोनरी आर्टरीज की जांच के लिए किया जाता है. ये रक्त वाहिकाएं हृदय तक ऑक्सीजन युक्त रक्त पहुंचाती हैं.
इस प्रक्रिया के दौरान डॉक्टर कैथेटर नाम की एक पतली और लचीली ट्यूब को रक्त वाहिका में डालते हैं. इसे आमतौर पर कलाई या कमर के जरिए हृदय तक पहुंचाया जाता है. इसके बाद कोरोनरी आर्टरीज में विशेष कंट्रास्ट डाई डाली जाती है और एक्स-रे इमेज की मदद से किसी तरह की सिकुड़न या ब्लॉकेज की जांच की जाती है.
13 अगस्त को घर पर फहराया था तिरंगा
स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने 13 अगस्त को अपने आवास पर परिवार के साथ तिरंगा फहराया था, उन्होंने एक्स पर इसकी तस्वीर साझा करते हुए लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल होने की अपील की थी.
उन्होंने लिखा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है, उन्होंने अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने की जानकारी भी साझा की थी.
ये भी पढ़ें- E20 पेट्रोल, फ्लेक्स फ्यूल या EV कार? नई गाड़ी खरीदने से पहले जानें किसमें है ज्यादा फायदा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








