Delhi Bomb Threat : दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले सुरक्षा को लेकर बड़ी हलचल सामने आई है. दिल्ली हाई कोर्ट समेत राजधानी की छह जगहों पर बम की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं. हाई कोर्ट को ई-मेल के जरिए धमकी मिली, जिसके बाद बम निरोधक दस्तों ने परिसर में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है.
दिल्ली हाई कोर्ट के अलावा जामनगर हाउस, झंडेवालान की फ्लैटेड बिल्डिंग, एमबी साकेत स्थित डीएम कार्यालय, आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 और दिल्ली कैंट के एसडीएम कार्यालय को भी धमकी मिलने की जानकारी सामने आई है.
इन सभी जगहों पर संबंधित सुरक्षा टीमें और दमकल की गाड़ियां पहुंच गई हैं. अब तक की जांच में किसी भी जगह से संदिग्ध वस्तु मिलने की जानकारी नहीं है.
हाई कोर्ट में बम निरोधक दस्ते कर रहे तलाशी
दिल्ली हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद वह दिल्ली पुलिस के संपर्क में हैं. हाई कोर्ट परिसर में बम निरोधक दस्ते तलाशी ले रहे हैं और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. सभी स्थानों पर मिली धमकियों की जांच की जा रही है.
15 अगस्त को देखते हुए दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है. रणनीतिक स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाई गई है और आने-जाने वाले रास्तों पर अतिरिक्त जांच की जा रही है. सार्वजनिक स्थानों और भीड़ वाले इलाकों पर भी सुरक्षा एजेंसियां नजर रख रही हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अगस्त को लाल किले से देश को संबोधित करेंगे. स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तमाम तैयारियां की जा रही हैं.
ये भी पढ़ें- E20 पेट्रोल, फ्लेक्स फ्यूल या EV कार? नई गाड़ी खरीदने से पहले जानें किसमें है ज्यादा फायदा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








