China Maglev Train : चीन में एक एक्सपेरिमेंटल मैग्लेव प्लेटफॉर्म पर ट्रेन की टेस्टिंग की गई, जिसने कुछ महीनों में ही तीसरी बार अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है. चीन की हुबेई ईस्ट लेक लैबोरेटरी में हुई टेस्टिंग के दौरान 1.1 टन वजनी वाहन महज 5.3 सेकंड में 800 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच गया.
द इंडिपेंडेंट की एक रिपोर्ट के अनुसार, 1.1 टन वजनी इस वाहन ने हुबेई प्रांत की डोंगहू प्रयोगशाला में 1 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर परीक्षण पूरा किया. हालांकि, इसकी टेस्टिंग पैसेंजर ट्रेनों के लिए नहीं हुई है, लेकिन भविष्य में इस तकनीक का इस्तेमाल यात्री परिवहन के लिए किया जा सकता है.
टेस्टिंग के दौरान वाहन करीब 600 मीटर की दूरी तय करने के बाद 800 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंच गया. इसके बाद ट्रैक के अंत में इसे नियंत्रित तरीके से रोक दिया गया. पूरी प्रक्रिया को पूरा करने में वाहन को करीब आठ सेकंड लगे.

यात्रियों के लिए नहीं बनाया गया टेस्टिंग वाहन
नियमित यात्री ट्रेनों के विपरीत यह टेस्टिंग वाहन लोगों को ले जाने के लिए डिजाइन नहीं किया गया है. रिसर्चर इसका इस्तेमाल उन तकनीकों के परीक्षण के लिए कर रहे हैं, जिनका भविष्य में रॉकेटरी, एयरोस्पेस और अन्य हाई-स्पीड सिस्टम में इस्तेमाल हो सकता है.
यह सिस्टम स्थायी मैग्नेट सस्पेंशन ट्रैक को इलेक्ट्रोमैग्नेटिक तकनीक के साथ जोड़ता है. यह मॉडल पहियों और रेल के पारंपरिक संपर्क पर निर्भर नहीं करता, जिससे रोलिंग घर्षण काफी कम हो जाता है. हालांकि, बहुत ज्यादा स्पीड पर हवा का प्रतिरोध तेजी से महत्वपूर्ण हो जाता है.

650 से 800 किमी प्रति घंटे तक पहुंची रफ्तार
ईस्ट लेक लेबोरेटरी के प्लेटफॉर्म ने 16 जून 2025 को 650 किमी प्रति घंटे और 14 जुलाई को 700 किमी प्रति घंटे की गति हासिल की थी. अब इसने 800 किमी प्रति घंटे की रफ्तार हासिल कर अपना ही रिकॉर्ड तीसरी बार तोड़ दिया है.
वहीं, ईस्ट लेक लेबोरेटरी का कहना है कि शंघाई मैग्लेव ट्रेन यात्रियों को काफी कम गति से ले जाती है. यह टेस्टिंग प्लेटफॉर्म भविष्य के मैग्लेव परिवहन, विद्युत चुम्बकीय स्लेज, स्पेस टेस्टिंग और अन्य हाई-स्पीड सिस्टम पर रिसर्च में सहायक हो सकता है.
ये भी पढ़ें- E20 पेट्रोल, फ्लेक्स फ्यूल या EV कार? नई गाड़ी खरीदने से पहले जानें किसमें है ज्यादा फायदा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









