राजनीतिराष्ट्रीय

कंगना रनौत का Gen Z पर बयान को लेकर यू-टर्न, बोलीं- पूरी पीढ़ी को कुछ लोगों की वजह से नहीं आंकना चाहिए

Kangana Ranaut Gen Z Controversy : बीजेपी सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत पिछले कुछ दिनों से Gen Z युवाओं को लेकर दिए गए अपने बयान के कारण चर्चा में थीं। उनके एक बयान को लेकर सोशल मीडिया पर काफी प्रतिक्रिया देखने को मिली थी। अब कंगना ने अपने रुख में बदलाव करते हुए Gen Z पीढ़ी की तारीफ की है और कहा है कि कुछ लोगों की वजह से पूरी पीढ़ी को गलत नहीं समझना चाहिए।

संसद के बाहर मीडिया से बातचीत के दौरान कंगना रनौत ने कहा कि केवल 10-15 युवाओं के व्यवहार के आधार पर पूरी Gen Z पीढ़ी को जज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि देश के विकास में इस युवा पीढ़ी की बड़ी भूमिका है और वे भारत की ताकत हैं।

युवा देश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण

कंगना ने कहा कि Gen Z सरकार और देश की व्यवस्था का अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस पीढ़ी का योगदान सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले कुछ वीडियो या क्लिप्स से कहीं ज्यादा व्यापक है। उनके मुताबिक, युवा देश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का उदाहरण

अपने बयान के समर्थन में कंगना ने झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक भागीदारी का यह एक उदाहरण है, जहां छात्र अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। मंडी से बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने भारत के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का भी उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि कई युवा खिलाड़ियों ने देश का नाम रोशन किया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने पदक समर्पित किए हैं।

सामाजिक अभियानों में अपनी भागीदारी

कंगना ने Gen Z युवाओं से पर्यावरण संरक्षण और हथकरघा कारीगरों को समर्थन देने जैसे मुद्दों पर भी आगे आने की अपील की। उन्होंने सवाल किया कि क्या युवा इन सामाजिक अभियानों में अपनी भागीदारी बढ़ाएंगे।

कुछ लोगों की वजह से पूरी युवा पीढ़ी…

दरअसल, इससे पहले दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के बाद सामने आए कुछ वीडियो को लेकर कंगना रनौत ने Gen Z पर निशाना साधा था। उन्होंने इस पीढ़ी को लेकर कड़ी टिप्पणी की थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना हुई थी। उनके बयान को लेकर बीजेपी और कंगना दोनों को विरोध का सामना करना पड़ा था। अब उन्होंने सफाई देते हुए कहा है कि कुछ लोगों की वजह से पूरी युवा पीढ़ी को एक नजर से नहीं देखा जाना चाहिए।

ये भी पढ़ें- प्रधानमंत्री मोदी ने बागी सांसदों से की मुलाकात, कहा- NDA को अपना परिवार समझें, हर कदम पर साथ खड़े हैं, टेंशन मत लीजिए

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button