Delhi Weather Today : पिछले दो दिनों तक लगातार हुई बारिश के बाद शुक्रवार (10 जुलाई) को दिल्ली का मौसम साफ नजर आया. हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिन राजधानी में बारिश की गतिविधियां कमजोर रह सकती हैं. वहीं, जुलाई के आखिर में मानसून फिर सक्रिय होने की संभावना जताई गई है. इस बीच मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, महीने के पहले 10 दिनों में दिल्ली में सामान्य से काफी अधिक बारिश दर्ज की गई है.
इस साल दिल्ली में मानसून ने अपने सामान्य आगमन की तारीख 27 जून के बजाय 2 जुलाई को दस्तक दी. राजधानी के आधार मौसम केंद्र सफदरजंग में 10 जुलाई तक 132.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि इस अवधि का सामान्य औसत 52.6 मिलीमीटर है. यानी अब तक सामान्य से करीब 151 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है. इनमें से 100 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश केवल पिछले दो दिनों के दौरान हुई.
36 डिग्री तक रहेगा अधिकतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, 11 जुलाई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिनभर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है. नमी का स्तर 80 से 85 प्रतिशत के बीच रहने की उम्मीद है. वहीं, 12 जुलाई को राजधानी में आसमान में घने बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है.
15 जुलाई तक कम होगी बारिश
स्काइमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि 15 जुलाई तक दिल्ली में बारिश की गतिविधियां सीमित रह सकती हैं. इसकी वजह मानसूनी द्रोणिका का हिमालय की तराई की ओर खिसकना है. उनके अनुसार, 11 और 12 जुलाई को कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन किसी बड़े मौसमीय बदलाव की संभावना नहीं है. इस दौरान तापमान में बढ़ोतरी और हवा में नमी कम होने की संभावना भी जताई गई है.
उन्होंने बताया कि 15 जुलाई के बाद मानसूनी द्रोणिका के दोबारा दक्षिण की ओर बढ़ने की संभावना है, जिससे दिल्ली में बारिश का एक नया दौर शुरू हो सकता है. साथ ही राजस्थान और मध्य पाकिस्तान की ओर से आने वाली शुष्क पछुआ हवाओं के कारण कई दिनों की लगातार बारिश के बाद अब आसमान साफ हो गया है और तेज धूप निकल रही है.
ये भी पढ़ें- Farmers ID Card बनेगा किसानों की पहचान, मिलेंगे भरपूर लाभ, बार-बार रजिस्ट्रेशन का झंझट खत्म, ऐसे करें अप्लाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








