Haryana

हरियाणा में मानसून का कहर, कई जिलों में बारिश से हालात बिगड़े, करंट लगने से दो भाइयों की मौत

Haryana Monsoon : हरियाणा में शुक्रवार को कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। पानीपत, यमुनानगर, अंबाला और कुरुक्षेत्र में सुबह बारिश हुई, जबकि दोपहर बाद फरीदाबाद में भी तेज बारिश देखने को मिली। बारिश और तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर परेशानी बढ़ गई। कुरुक्षेत्र की रेलवे कॉलोनी में आंधी के चलते पेड़ गिर गया, वहीं लाडवा के पीएमश्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बारिश का पानी भरने के बाद छुट्टी घोषित करनी पड़ी।

कुरुक्षेत्र में करंट लगने से दो भाइयों की मौत

कुरुक्षेत्र के धनतोड़ी गांव में बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां ट्रांसफॉर्मर से निकले तार में करंट फैलने के बाद दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि परिवार का एक अन्य सदस्य घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक, बलविंद्र नाम का व्यक्ति करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने पहुंचे उसके बड़े भाई नाथी राम भी करंट की चपेट में आ गए। दोनों को बचाने की कोशिश में नाथी राम का बेटा नरेश भी घायल हो गया। तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने नाथी राम और बलविंद्र को मृत घोषित कर दिया।

यमुना का बढ़ा जलस्तर, हथिनीकुंड बैराज पर बढ़ा पानी

पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर यमुना नदी पर भी दिखाई दे रहा है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कैचमेंट एरिया में बारिश के कारण यमुना का जलस्तर बढ़ा है।

हथिनीकुंड बैराज पर शुक्रवार सुबह 4 बजे पानी का स्तर करीब 39 हजार क्यूसेक था, जो कुछ घंटों बाद बढ़कर 50 हजार क्यूसेक से अधिक पहुंच गया। हालांकि सिंचाई विभाग के अनुसार फिलहाल नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है और बाढ़ जैसी स्थिति नहीं बनी है।

दिल्ली की ओर करीब 33 हजार क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है। वहीं यमुनानगर में सोम नदी और पथराला नदी का जलस्तर भी बढ़ा है।

कई जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने हरियाणा के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, जींद, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

फरीदाबाद और गुरुग्राम में ज्यादा बारिश

मानसून सक्रिय होने के कारण फरीदाबाद और गुरुग्राम में सबसे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। फरीदाबाद में सामान्य से काफी अधिक बारिश दर्ज हुई, जबकि गुरुग्राम में भी भारी बारिश देखने को मिली। वहीं सिरसा और फतेहाबाद जैसे जिलों में अपेक्षाकृत कम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान सावधानी बरतने और जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने की अपील की है।

ये भी पढ़ें- मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में वेरका ने स्थापित किया नया कीर्तिमान, जून माह में 551 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड कारोबार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button