टेक

AI करेगा मोबाइल पर कब्जा! 2027 तक आधे से ज्यादा स्मार्टफोन होंगे GenAI से लैस

AI Smartphones : स्मार्टफोन बाजार में जेनरेटिव AI (GenAI) का दायरा अब तेजी से बढ़ रहा है. AI फीचर्स सिर्फ प्रीमियम स्मार्टफोन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यूजर्स हर नए फोन में इनकी उम्मीद कर रहे हैं. काउंटरपॉइंट रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक, 2027 तक दुनिया भर में बिकने वाले 52% स्मार्टफोन GenAI फीचर्स के साथ आएंगे.

रिपोर्ट के अनुसार, GenAI स्मार्टफोन की हिस्सेदारी 2025 में 36% रहेगी, जो 2026 में बढ़कर 45% और 2027 में 52% तक पहुंच जाएगी. यानी 2027 में बिकने वाला हर दूसरा स्मार्टफोन AI फीचर्स से लैस होगा. Apple पहले ही कई GenAI फीचर्स की घोषणा कर चुका है, जो इस सितंबर में iPhone 18 सीरीज के साथ आ सकते हैं. वहीं, Android स्मार्टफोन निर्माता कंपनियां बेसिक AI से आगे बढ़कर एडवांस्ड Agentic AI तकनीक पर काम कर रही हैं.

बजट स्मार्टफोन पर सबसे ज्यादा असर

हालांकि, AI के बढ़ते विस्तार के बीच रिपोर्ट में स्मार्टफोन बाजार को लेकर एक बड़ी चिंता भी जताई गई है. अनुमान है कि 2026 में वैश्विक स्मार्टफोन बिक्री में 13.9% की गिरावट आ सकती है. ऐसे में कुल बिक्री घटकर 1.08 अरब यूनिट रह जाएगी, जो 2013 के बाद सबसे बड़ी गिरावट होगी.

रिपोर्ट के मुताबिक, इस गिरावट का सबसे ज्यादा असर बजट और एंट्री-लेवल स्मार्टफोन पर पड़ सकता है. कई कम कीमत वाले मॉडल बाजार से बाहर हो सकते हैं. वहीं, महंगे AI स्मार्टफोन इस स्थिति का बेहतर सामना कर सकते हैं, जबकि सस्ते फोन बनाने वाली कंपनियों पर दबाव बढ़ने की संभावना है.

2027 तक मजबूत होगी मोबाइल इंडस्ट्री

Samsung और Apple जैसी कंपनियां इस बदलाव का फायदा उठा सकती हैं, क्योंकि हाई-एंड स्मार्टफोन बाजार में उनकी पहले से मजबूत मौजूदगी है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि GenAI फीचर्स लगातार अधिक उपयोगी होते जा रहे हैं. मेमोरी चिप्स की सप्लाई बेहतर होने के बाद 2027 के अंत तक मोबाइल इंडस्ट्री के फिर से मजबूत होने की उम्मीद है, जिससे कंपनियां और बेहतर स्मार्टफोन पेश कर सकेंगी.

सस्ते AI स्मार्टफोन बड़ी चुनौती

AI स्मार्टफोन की ऊंची कीमतों के कारण उपभोक्ताओं को बेहतर डिवाइस खरीदने के लिए अधिक खर्च करना पड़ सकता है. हालांकि, लंबे समय में AI फीचर्स रोजमर्रा के कई काम आसान बनाएंगे. ऐसे में कंपनियों के सामने सस्ते AI स्मार्टफोन उपलब्ध कराना भी बड़ी चुनौती होगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इस तकनीक का लाभ उठा सकें.

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र TET पेपर लीक, रद्द हुई कल होने वाली परीक्षा, मामले की जांच में जुटी पुलिस

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button