Kunal Shah WhatsApp Global Head : कभी आर्थिक तंगी के चलते छोटे-मोटे काम करके परिवार की मदद करने वाले कुणाल शाह आज टेक दुनिया के सबसे बड़े नामों में शामिल हो गए हैं। डिलीवरी बॉय से लेकर ग्लोबल टेक लीडर बनने तक का उनका सफर युवाओं के लिए एक मजबूत प्रेरणा है। मेहनत, सीखने की ललक और अलग सोच ने उन्हें उस मुकाम तक पहुंचाया, जहां आज वह व्हाट्सएप जैसे बड़े प्लेटफॉर्म से जुड़े अहम नेतृत्व पद पर हैं।
डेटा एंट्री ऑपरेटर, साइबर कैफे में काम किया
कुणाल शाह का बचपन आर्थिक संघर्षों से भरा रहा। उनके पिता का व्यवसाय बंद हो जाने के बाद परिवार को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। ऐसे हालात में उन्होंने बहुत कम उम्र में काम करना शुरू कर दिया। 14-15 साल की उम्र में उन्होंने डिलीवरी बॉय, डेटा एंट्री ऑपरेटर, मेहंदी कोन बेचने, साइबर कैफे में काम करने और ट्यूशन पढ़ाने जैसे कई काम किए, ताकि घर की जरूरतें पूरी हो सकें।
विल्सन कॉलेज से फिलॉसफी की पढ़ाई
उन्होंने मुंबई के विल्सन कॉलेज से फिलॉसफी की पढ़ाई की और बाद में NMIMS में MBA में दाखिला लिया, लेकिन कुछ समय बाद पढ़ाई छोड़ दी। उनका मानना था कि असली सीख किताबों से नहीं, बल्कि वास्तविक अनुभव और समस्याओं को समझने से मिलती है।
फ्रीचार्ज प्लेटफॉर्म था पहला कदम
कुणाल शाह ने अपने करियर की शुरुआत फ्रीचार्ज नामक डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म से की, जो भारत के शुरुआती सफल फिनटेक स्टार्टअप्स में से एक बना। बाद में इसे एक्सिस बैंक ने अधिग्रहित कर लिया। इसके बाद उन्होंने 2018 में CRED की स्थापना की, जो समय पर क्रेडिट कार्ड बिल भुगतान करने वाले यूजर्स को रिवॉर्ड देने वाला प्लेटफॉर्म है। आज CRED भारत की प्रमुख फिनटेक कंपनियों में गिना जाता है।
CEO मार्क जुकरबर्ग शाह को सराहा
हाल ही में मेटा ने CRED में बड़े निवेश के बाद कुणाल शाह को व्हाट्सएप का ग्लोबल हेड नियुक्त किया है। यह फैसला कंपनी के वैश्विक विस्तार और उत्पाद रणनीति को मजबूत करने के उद्देश्य से लिया गया है। मेटा के CEO मार्क जुकरबर्ग ने कहा कि कुणाल शाह ने CRED को एक मजबूत टेक ब्रांड बनाया है और उनमें वैश्विक स्तर पर नेतृत्व करने की क्षमता है। वह मौजूदा व्हाट्सएप प्रमुख विल कैथकार्ट की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि CRED में उनकी हिस्सेदारी बनी रहेगी।
लगातार मेहनत और फिर सफलता
कुणाल शाह की यह यात्रा साबित करती है कि हालात चाहे जैसे भी हों, अगर सोच बड़ी हो और मेहनत लगातार जारी रहे, तो सफलता की कोई सीमा नहीं होती।
ये भी पढ़ें- “तुस्सी ना जाओ…” वायरल मैसेज ने सोशल मीडिया पर मचाया धमाल, Chat Viral
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








