Petrol Diesel Price Today : रविवार को देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आने के बावजूद तेल कंपनियों ने ईंधन के दाम पुराने स्तर पर ही बनाए रखे हैं.
हाल के दिनों में वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी दर्ज की गई है. कुछ समय पहले ब्रेंट क्रूड का भाव 110 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गया था, लेकिन अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने के बाद इसमें नरमी देखने को मिली. शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 80 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया. वहीं, युद्ध शुरू होने से पहले कच्चे तेल की कीमत करीब 70 डॉलर प्रति बैरल था.
पेट्रोल-डीजल के दाम घटने की उम्मीद
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी आ सकती है, उन्होंने कहा कि तेल विपणन कंपनियां पहले ऊंचे दाम पर खरीदे गए कच्चे तेल को प्रोसेस कर बेच रही हैं. जैसे-जैसे सस्ते कच्चे तेल का स्टॉक बाजार में आएगा, उसका लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंच सकता है.
दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. मुंबई में पेट्रोल 111.18 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर है. कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया. चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर है.
प्रमुख शहरों में ईंधन की कीमतों का हाल
उत्तर प्रदेश के नोएडा में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.56 रुपये प्रति लीटर है. वहीं लखनऊ में पेट्रोल 101.89 रुपये प्रति लीटर और डीजल लगभग 95 रुपये प्रति लीटर के आसपास बना हुआ है. चंडीगढ़ में डीजल 89.47 रुपये प्रति लीटर के साथ प्रमुख शहरों में सबसे सस्ता है. दूसरी ओर हैदराबाद में पेट्रोल 115.73 रुपये और डीजल 103.82 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया.
7.5 रुपये प्रति लीटर तक हुई थी बढ़ोतरी
मई महीने में तेल कंपनियों ने चार बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए थे. इस दौरान कुल मिलाकर करीब 7.5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी. बाद में सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में 10-10 रुपये प्रति लीटर की कटौती की थी.
वहीं, विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार नीचे बनी रहती हैं, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में भी कमी देखने को मिल सकती है. फिलहाल उपभोक्ताओं को राहत के लिए कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है.
ये भी पढ़ें- दुबई में गंदगी-ट्रैफिक नहीं, इस डर से रहते हैं लोग! भारतीय महिला का वायरल दावा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








