PM Modi Slovakia visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी तीन देशों की यूरोपीय यात्रा के दूसरे चरण में स्लोवाकिया पहुंच गए हैं. वर्ष 1993 में स्लोवाकिया के स्वतंत्र राष्ट्र बनने के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का यह पहला दौरा है. प्रधानमंत्री दो दिनों तक राजधानी ब्रातिस्लावा में रहेंगे, जहां वह स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. इसके अलावा वह दोनों देशों के बीच व्यापार और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे.
स्लोवाकिया पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों को नई मजबूती प्रदान करने का अवसर है, उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के साथ होने वाली बैठकों से सहयोग के नए क्षेत्रों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी.
विदेश मंत्री जुराज ब्लानार ने किया स्वागत
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के दौरे पर थे, जहां उन्होंने फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ बातचीत की और नीस में आयोजित ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन किया. स्लोवाकिया पहुंचने पर विदेश मंत्री जुराज ब्लानार ने उनका स्वागत किया. इस दौरान पारंपरिक रूप से ब्रेड और नमक भेंट किए गए, जिसे वहां सम्मान और मित्रता का प्रतीक माना जाता है.
व्यापार और निवेश बढ़ाने पर होगी चर्चा
भारत और स्लोवाकिया के बीच हाल के वर्षों में द्विपक्षीय संपर्क लगातार बढ़े हैं. अप्रैल 2025 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्लोवाकिया का दौरा किया था, जबकि फरवरी 2026 में स्लोवाकिया के राष्ट्रपति भारत आए थे. मौजूदा यात्रा के दौरान व्यापार, निवेश, ऑटोमोबाइल, रेलवे, नई तकनीकों और उभरते प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होने की संभावना है. स्लोवाकिया यूरोपीय संघ का सदस्य देश है, ऐसे में यह दौरा भारत और यूरोपीय संघ के संबंधों के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
फ्रांस में जी-7 समिट में शामिल होंगे मोदी
स्लोवाकिया यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी 16 और 17 जून को फ्रांस के एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे. सम्मेलन के दौरान आर्थिक विकास, वैश्विक सहयोग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस समेत कई अहम विषयों पर चर्चा होगी. इसके बाद 18 जून को वह पेरिस में आयोजित वीवाटेक 2026 कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसे यूरोप के प्रमुख प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप आयोजनों में गिना जाता है.
ये भी पढ़ें- नोएडा में वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़, दो शातिर चोर गिरफ्तार, 11 बाइक समेत हथियार बरामद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







