Bihar News : पटना से जुड़े एक शिक्षण संस्थान के डायरेक्टर रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. इस घटना के बाद उनके पैतृक गांव सहरसा के धमसैना में शोक का माहौल है. परिजनों और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और दुख देखा जा रहा है.
जानकारी के अनुसार, प्रिंस यादव हाल ही में नेपाल के विराटनगर गए हुए थे, जहां एक होटल में उनका शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया. इस खबर की जानकारी परिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से मिली, जिसके बाद परिजन तुरंत नेपाल के लिए रवाना हो गए.
कोचिंग मामले में झूठे मुकदमे का आरोप
परिजनों का दावा है कि इस मामले में नेपाल पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.
परिवार की ओर से यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि कोचिंग से जुड़े एक मामले में प्रिंस यादव के खिलाफ कथित तौर पर झूठा मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद वह नेपाल चले गए थे.
संदिग्ध हालात में मौत पर निष्पक्ष जांच की मांग
मृतक के चाचा मनोज कुमार के अनुसार, प्रिंस की तबीयत बिगड़ने की सूचना के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था और घटना की जानकारी इंटरनेट के जरिए परिवार को मिली, उन्होंने बताया कि प्रिंस पूरी तरह स्वस्थ थे और उन्हें किसी प्रकार की कोई गंभीर बीमारी नहीं थी.
वहीं परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मामला बेहद संदिग्ध है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि मौत के कारणों का सही पता चल सके.
ये भी पढ़ें- नोएडा में वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़, दो शातिर चोर गिरफ्तार, 11 बाइक समेत हथियार बरामद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








