Uttarakhand News : चंपावत में पहाड़ों में हुई भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे दो अलग-अलग जगहों पर हजारों लोग फंसे। पहली घटना श्री रीठा साहिब गुरुद्वारे के पास हुई, जहां लगभग 60 श्रद्धालु तेज बहाव में फंस गए। बहाव इतना प्रबल था कि जिस टीले पर लोग खड़े थे, उसका किनारा कटने लगा। लोगों की मदद के लिए चिल्लाने की आवाज सुनकर पास के लोगों ने फौरन पुलिस को जानकारी दी।
रोक दी गई लोगों की आवाजाही
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर SDRF टीम से मदद ली। उप निरीक्षक दीपक सामंत के नेतृत्व में टीम ने अपनी बहादुरी और दक्षता का परिचय देते हुए सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला। प्रशासन ने दोनों किनारों पर बैरियर लगाकर लोगों की आवाजाही रोक दी और पानी में फंसे वाहनों को भी सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू अभियान किया गया शुरू
दूसरी घटना पूर्णागिरि माता के दर्शन के लिए पैदल जा रहे लगभग तीन से चार हजार श्रद्धालुओं के साथ हुई। बाटनागाड़ नाले में अचानक उफान आने से श्रद्धालुओं का आगे बढ़ना या पीछे लौटना मुश्किल हो गया। मौके पर ठुलीगाड़ और बूम चौकी के पुलिस अधिकारी पहुंच गए और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
टीम की सतर्कता और बहादुरी की सराहना
तीन घंटे तक चले इस अभियान में पुलिस और SDRF ने अपनी जान जोखिम में डालकर श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाल लिया। सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने टीम की सतर्कता और बहादुरी की सराहना की और राज्य की सभी SDRF इकाइयों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए। इस कार्रवाई से किसी बड़े हादसे को टालने में सफलता मिली और सभी श्रद्धालु सुरक्षित अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
ये भी पढ़ें- मैं अमीर पार्टनर नहीं चाहती, जिससे प्यार करुंगी उसे सब कुछ देने को तैयार- तान्या मित्तल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









