Uttarakhand

14 साल की बच्ची की जबरन कराई शादी, गर्भवती होने पर बिगड़ी तबीयत, भागे ससुराल वाले

Child Marriage Case : हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र से बाल विवाह और शोषण का एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की की जबरन शादी करा दी गई। मामले का पर्दाफाश तब हुआ, जब शादी के बाद गर्भवती हुई इस बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और उसे रुड़की के सिविल अस्पताल लाया गया।

डॉक्टरों की सतर्कता से खुला राज

मंगलवार को ससुराल वाले बीमार बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर को बच्ची की शारीरिक स्थिति और कम उम्र देखकर शक हुआ। डॉक्टर ने सूझबूझ दिखाते हुए परिजनों को वार्ड से बाहर भेजा और बच्ची से अकेले में बात की। पूछताछ के दौरान बच्ची ने सारी सच्चाई बयां कर दी।

उम्र की पुष्टि और पुलिस को सूचना

डॉक्टर ने जब बच्ची के पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों की जांच की, तो उसमें उसकी उम्र केवल 14 साल पाई गई। मामला बाल विवाह और कानूनन अपराध का होने के कारण डॉक्टर ने बिना वक्त गंवाए तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी गुप्त सूचना दे दी।

पुलिस को देख भागे आरोपी

जैसे ही पुलिस की टीम सिविल अस्पताल पहुंचे, वहां हड़कंप मच गया। खुद को कानूनी शिकंजे में फंसता देख आरोपी पति और ससुराल के अन्य सदस्य गर्भवती बच्ची को अस्पताल में ही लावारिस छोड़कर मौके से फरार हो गए।

कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी

इस मामले पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (SP देहात) शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस ने बच्ची के नाबालिग होने की पुष्टि कर ली है। यह एक अत्यंत गंभीर अपराध है, जिसे देखते हुए आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं, और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें- नोएडा में 28 से 30 मई तक धारा 163 लागू, भीड़-इकट्ठा करना और प्रदर्शन करना होगा प्रतिबंधित

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button