NEET UG 2026 Cancelled : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया है. यह फैसला पेपर लीक मामले के सामने आने के बाद लिया गया. अब इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपी जाएगी।
NTA ने 3 मई 2026 को देशभर में NEET UG 2026 परीक्षा आयोजित कराई थी, जिसमें 22 लाख से ज्यादा उम्मीदवार शामिल हुए थे. परीक्षा रद्द होने के बाद अब सभी अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी. नई परीक्षा तारीख का ऐलान जल्द किए जाने की बात कही गई है.
पेपर लीक की आशंका सामने आई
इस मामले की शुरुआत राजस्थान के सीकर से हुई, जहां से पेपर लीक की आशंका सामने आई थी. मामले की जांच राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) कर रही थी. शुरुआती जांच में SOG ने कहा था कि NEET UG का पेपर लीक नहीं हुआ, लेकिन परीक्षा से पहले एक कथित गेस पेपर वायरल होने की बात स्वीकार की गई थी.
गेस पेपर से 120 से 150 सवाल आए
बाद में जांच के दौरान SOG ने माना कि वायरल गेस पेपर के कई सवाल मुख्य परीक्षा में पूछे गए थे. जानकारी के अनुसार, 120 से 150 सवाल परीक्षा में मिले थे. इनमें केमिस्ट्री के करीब 30 और बायोलॉजी के लगभग 90 सवाल शामिल बताए गए. बता दें कि NEET UG परीक्षा में कुल 180 प्रश्न पूछे जाते हैं.
NEET UG 2026 परीक्षा रद्द किए जाने के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने कहा है कि पेपर लीक मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपी जाएगी. एजेंसी ने स्पष्ट किया कि जांच में CBI को हर जरूरी सहयोग दिया जाएगा.
दोबारा परीक्षा पर NTA का बयान
NTA ने माना कि दोबारा परीक्षा आयोजित होने से छात्रों और अभिभावकों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा, लेकिन छात्रों का भरोसा बनाए रखने और परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता कायम रखने के लिए यह फैसला जरूरी है.
एजेंसी के अनुसार, 3 मई को आयोजित पहली NEET UG 2026 परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवारों को दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी. पहले किया गया रजिस्ट्रेशन और चुने गए परीक्षा केंद्र ही मान्य रहेंगे. इसके अलावा अभ्यर्थियों से किसी तरह का अतिरिक्त शुल्क भी नहीं लिया जाएगा.
परीक्षा फीस और नई तारीख की जानकारी
NTA ने यह भी कहा कि उम्मीदवारों द्वारा पहले जमा की गई परीक्षा फीस वापस की जाएगी. दोबारा परीक्षा की तारीख और अन्य जरूरी जानकारी जल्द ही NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी.
साथ ही, छात्रों और अभिभावकों से अपील की गई है कि वे केवल NTA की आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें और सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों से बचें.
ये भी पढ़ें- हिमाचल में दर्दनाक हादसा, 6 पर्यटकों की मौत, 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









