US-China Spying Case : अमेरिका में चीनी जासूसी से जुड़े एक मामले में पूर्व मेयर ईलिन वांग (Eileen Wang) जांच एजेंसियों के रडार पर आ गई हैं. अमेरिकी जांच एजेंसी FBI की जांच में सामने आया है कि कैलिफोर्निया के आर्केडिया शहर की पूर्व मेयर पर चीन के पक्ष में काम करने और सरकारी निर्देशों के तहत प्रचार सामग्री फैलाने के आरोप लगे हैं. अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, 58 वर्षीय वांग ने इस फेलोनी मामले में दोष स्वीकार करने पर सहमति दी है. बता दें कि इस अपराध में अधिकतम 10 साल की सजा का प्रावधान है.
वहीं, FBI की जांच में दावा किया गया है कि ईलिन वांग ने साल 2020 से 2022 के बीच पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना (PRC) के अधिकारियों के निर्देश पर अमेरिका में चीन समर्थक सामग्री के प्रचार-प्रसार में भूमिका निभाई. आरोप है कि उन्होंने अपनी वेबसाइट पर भी ऐसी सामग्री प्रकाशित की, जिसे सरकारी निर्देशों के आधार पर तैयार किया गया था, लेकिन इसकी जानकारी अमेरिकी अधिकारियों को नहीं दी गई. मामले की जांच फिलहाल FBI कर रही है.
लॉस एंजिल्स अदालत में पहली पेशी
जानकारी के मुताबिक, ईलिन वांग आज दोपहर डाउनटाउन लॉस एंजिल्स स्थित अमेरिकी जिला अदालत में पहली बार पेश होंगी. वांग नवंबर 2022 में आर्केडिया सिटी काउंसिल के लिए चुनी गई थीं. यह पांच सदस्यों वाली स्थानीय प्रशासनिक संस्था है, जिसमें मेयर का चयन बारी-बारी से किया जाता है.
विदेशी संबंध सार्वजनिक नहीं हुए
राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के सहायक अटॉर्नी जनरल जॉन ए. आइजनबर्ग ने कहा कि अमेरिका में चुने गए जनप्रतिनिधियों को केवल अमेरिकी नागरिकों के हित में काम करना चाहिए. उन्होंने कहा कि यह गंभीर चिंता का विषय है कि कोई व्यक्ति विदेशी सरकार के निर्देशों का पालन करने के बाद भी सार्वजनिक पद पर पहुंचा और उसके विदेशी संबंधों की जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई.
अमेरिकी लोकतंत्र को कमजोर करते हैं ऐसे लोग
वहीं, कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के प्रथम सहायक अमेरिकी अटॉर्नी बिल एस्सेली ने कहा कि विदेशी सरकारों के इशारों पर गुप्त रूप से काम करने वाले लोग अमेरिकी लोकतंत्र को कमजोर करते हैं. उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई चीन की ओर से अमेरिकी संस्थाओं को प्रभावित करने की कोशिशों के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई का हिस्सा है.
FBI के काउंटर इंटेलिजेंस और जासूसी प्रभाग के सहायक निदेशक रोमन रोजाव्स्की ने कहा कि ईलिन वांग ने स्वीकार किया है कि उन्होंने गुप्त रूप से चीनी सरकार के हितों को समर्थन दिया. उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी रहेगी और कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- हिमाचल में दर्दनाक हादसा, 6 पर्यटकों की मौत, 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









