Maharashtra Politics : महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष और विधायक नाना पटोले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सरकारी खर्च और वीवीआईपी दौरों पर सवाल उठाए हैं, उन्होंने कहा कि जब आम लोगों से पेट्रोल-डीजल बचाने, सार्वजनिक परिवहन अपनाने और फिजूलखर्ची कम करने की अपील की जा रही है, तब सरकार और बड़े नेताओं को भी उसी दिशा में कदम बढ़ाने चाहिए.
अपने पत्र में नाना पटोले ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हाल ही में लोगों से विदेश यात्राएं कम करने, ईंधन की बचत करने और मेट्रो जैसे सार्वजनिक साधनों के अधिक उपयोग की बात कही थी, उन्होंने इसे देशहित में जरूरी संदेश बताया, लेकिन साथ ही प्रधानमंत्री के स्वीडन, नॉर्वे, यूएई और इटली के प्रस्तावित दौरों का भी उल्लेख किया.
चार्टर्ड विमानों और बड़े काफिलों से बढ़ता ईंधन खर्च
पटोले ने आरोप लगाया कि तेलंगाना, बेंगलुरु और जामनगर के दौरों के दौरान चार्टर्ड विमानों का इस्तेमाल किया गया और बड़े काफिलों के जरिए यात्राएं की गईं. उनके अनुसार ऐसे कार्यक्रमों में काफी मात्रा में ईंधन खर्च होता है.
नाना पटोले ने कहा कि दुनियाभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है. ऐसे समय में यदि सरकार ईंधन बचत का संदेश देना चाहती है, तो इसकी शुरुआत खुद से करनी चाहिए, उन्होंने सुझाव दिया कि जहां अत्यधिक आवश्यकता न हो वहां चार्टर्ड विमानों के उपयोग से बचा जाए और बड़े काफिलों को सीमित किया जाए.
नेताओं को भी पालन करना चाहिए
नाना पटोले ने अपने पत्र में कहा कि जनता चाहती है कि नेता जो बातें लोगों से कहते हैं, उनका पालन खुद भी करें, उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की कि सरकार और सत्ताधारी दल मितव्ययिता अपनाकर देश के सामने उदाहरण पेश करें.
ये भी पढ़ें- हिमाचल में दर्दनाक हादसा, 6 पर्यटकों की मौत, 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









