विदेश

काठमांडू एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, लैंडिंग के दौरान टर्किश फ्लाइट के टायर में लगी आग

Flight Tyre Fire : नेपाल की राजधानी काठमांडू के त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया. इस्तांबुल से काठमांडू पहुंची टर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट TK-726 की लैंडिंग के दौरान विमान के टायर में अचानक आग लग गई. घटना के बाद एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं.

जानकारी के मुताबिक फ्लाइट में कुल 277 यात्री सवार थे, जबकि 11 क्रू मेंबर भी विमान में मौजूद थे. बताया गया है कि कुछ संयुक्त राष्ट्र अधिकारी भी इसी विमान से यात्रा कर रहे थे. जैसे ही टायर में आग लगने की सूचना मिली, एयरपोर्ट प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया और फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर भेजा गया.

अलार्म बजते ही यात्रियों को सुरक्षित निकाला

अधिकारियों के अनुसार विमान के उतरते समय टायर में आग लगी थी. इसके बाद तुरंत इमरजेंसी अलार्म बजाया गया और सभी यात्रियों को आपातकालीन गेट के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आईं, लेकिन किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है.

वायरल वीडियो में टायर में लगी आग

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में विमान के टायर से आग की लपटें उठती दिखाई दे रही हैं, जबकि विमान रनवे पर आगे बढ़ रहा है. साथ ही एयरपोर्ट की इमरजेंसी टीम भी विमान के साथ दौड़ती नजर आ रही है.

अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और अब पूरे मामले की जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

ये भी पढ़ें- परमाणु नीति पर बढ़ा तनाव, अमेरिका-ईरान आमने-सामने, NPT पद को लेकर विवाद

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button