Iran US Tension : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच घोषित सीजफायर अभी भी प्रभावी है, हालांकि हाल ही में होर्मुज जलडमरूमध्य के पास दोनों पक्षों के बीच सैन्य तनाव देखने को मिला, उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर संघर्षविराम टूटा तो उसका असर बेहद गंभीर और साफ तौर पर दिखाई देगा. वॉशिंगटन में लिंकन मेमोरियल रिफ्लेक्टिंग पूल के पास पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि ऐसी स्थिति में “ईरान से उठती हुई रोशनी हर किसी को दिखाई देगी.”
ट्रंप ने दावा किया कि हालिया घटनाओं के दौरान अमेरिकी सेना ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और विरोधी पक्ष को भारी नुकसान पहुंचाया, उन्होंने कहा कि अमेरिका को उकसाने की कोशिश की गई, लेकिन अमेरिकी सैन्य बलों ने सख्ती से जवाब दिया. ट्रंप ने इन घटनाओं को “छोटी हरकत” बताते हुए कहा कि जवाबी कार्रवाई पूरी ताकत के साथ की गई. साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया कि ईरान के साथ समझौते की संभावना अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है और किसी भी समय बातचीत आगे बढ़ सकती है.
होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ा तनाव
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, अमेरिकी सेना ने उन ईरानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर अमेरिकी नौसेना के जहाजों पर हमले के लिए किया जा रहा था. CENTCOM ने बताया कि अमेरिकी नौसेना के युद्धपोत USS Truxtun (DDG-103), USS Rafael Peralta (DDG-115) और USS Mason (DDG-87) होर्मुज जलडमरूमध्य से ओमान की खाड़ी की ओर बढ़ रहे थे, तभी उन पर मिसाइलों, ड्रोन और छोटी नौकाओं से हमला किया गया. वहीं, अमेरिकी पक्ष का कहना है कि सभी हमलों को विफल कर दिया गया और किसी भी युद्धपोत को नुकसान नहीं पहुंचा.
ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने दी जानकारी
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर भी दावा किया कि तीनों अमेरिकी युद्धपोत सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य से बाहर निकल गए. उन्होंने कहा कि अमेरिका के जवाबी कार्रवाई में ईरानी हमलावरों को भारी क्षति पहुंची और कई छोटी नौकाएं नष्ट कर दी गईं. ट्रंप के मुताबिक, दागी गई मिसाइलों और ड्रोन को अमेरिकी रक्षा प्रणाली ने हवा में ही मार गिराया. इसके साथ ही उन्होंने ईरान के नेतृत्व पर भी तीखी टिप्पणी की.
ये भी पढ़ें- फ्रेशर्स के लिए सुनहरा मौका, पीएम इंटर्नशिप स्कीम से शुरू करें करियर,हर महीने मिलेंगे 9 हजार रुपए
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









