Biharराजनीतिराज्य

सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग कर चुनाव प्रचार कर रही भाजपा-उमेश सिंह

Umesh Kushwaha to BJP: बिहार प्रदेश जेडीयू के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने पटना में भारतीय जनता पार्टी के ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह यात्रा देश की जनता को भरमाने का एक हथकंडा है। मोदी सरकार सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग कर 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारी कर रही है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश के जनता की गाढ़ी कमाई को भारतीय जनता पार्टी अपने प्रचार-प्रसार के लिए इस्तेमाल कर रही है। वास्तविकता यह है कि भाजपा का ‘संकल्प’ और ‘विकास’ दोनों ढकोसला है।

‘भारत में 23 करोड़ से अधिक लोग कुपोषण का शिकार’

जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ में भाजपा को जनता से जुड़े जरूरी और गंभीर सवालों का जवाब देना चाहिए। प्रधानमंत्री ने वादा किया था कि वर्ष 2022 तक भारत कुपोषण मुक्त देश बनेगा। आज देश की एक बड़ी आबादी भुखमरी का सामना कर रही है। ग्लोबल हंगर इंडेक्स में रैंक 121 देशों में अपना भारत 111 वें स्थान पर है। भारत में 23 करोड़ से अधिक लोग कुपोषण के शिकार हैं।

‘कालाधन वापस लाने का वादा फर्जीवाड़ा’

उन्होंने आरोप लगाया, प्रधानमंत्री द्वारा 100 दिनों में विदेशों से कालाधन वापस लाने का वादा भी फर्ज़ीवाड़ा साबित हुआ। नरेन्द्र मोदी के पूंजीपति दोस्त जैसे मेहुल चौकसी, नीरव मोदी, ललित मोदी, विजय माल्या देशवासियों की मेहनत की कमाई लेकर विदेश भाग गए। मौजूदा समय में उज्जवला के 70% लाभार्थियों ने गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करना बंद कर दिया है और इसकी सबसे बड़ी वज़ह गैस सिलेंडर की बेतहाशा बढ़ती कीमतें हैं।

‘युवाओं से नौकरी छीन रही बीजेपी सरकार’

उन्होंने सवाल पूछा, भाजपा बताए कि दुनियाभर में आज सबसे महंगा गैस सिलेंडर हमारे देश में क्यों मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने प्रत्येक वर्ष 2 करोड़ युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था लेकिन युवाओं को नौकरी देने की बजाय मोदी सरकार सरकारी संस्थाओं का निजीकरण कर युवाओं से नौकरी को छीन रही है। वह बोले, 100 स्मार्ट सिटी बनाने का जुमला आज भी देश की जनता को याद है।

Umesh Kushwaha to BJP: ‘अन्नदाताओं को देना पड़ा धरना’

प्रधानमंत्री ने 2014 में देश की जनता से वादा किया था कि केंद्र में अगर भाजपा की सरकार बनी तो डॉलर के मुकाबले रुपये को बराबर कर देंगे लेकिन मोदी के ही शासनकाल में देश का रुपया 42 फीसदी नीचे गिर गया। अन्नदाताओं की आय को दोगनी करने वादा किया था लेकिन आज नौ साल पूरे हो चुके हैं, आय दोगनी तो दूर बल्कि देश के अन्नदाता किसानों को अपने हकों के लिए एक साल तक दिल्ली की सड़कों पर धरना देना पड़ा। 700 सौ अधिक किसानों की दुःखद मौत हो गई थी।

Umesh Kushwaha to BJP: ‘बुलेट ट्रेन भी चुनावी जुमला’

प्रधानमंत्री ने 2014 लोकसभा चुनाव के दौरान ही वादा किया था कि वर्ष 2022 तक मुंबई से अहमदाबाद के बीच बुलेट ट्रेन का परिचालन शुरू होगा। भाजपा को बताना चाहिए कि क्या यह भी चुनावी जुमला था। कश्मीर में आतंकवाद खत्म हुआ और न ही चीनी घुसपैठ, यही भाजपा का फर्जी राष्ट्रवाद और झूठा देशप्रेम है।

रिपोर्टः सुजीत श्रीवास्तव, ब्यूरोचीफ, बिहार

ये भी पढ़ें: Lakhisaray Followup: मुख्य आरोपी आशीष के घर कुर्की का आदेश चस्पा

Related Articles

Back to top button