
रूस और यूक्रेन विवाद के बीच रूस के खिलाफ लगते प्रतिबंधों की लाइन में इंटरनेशनल जूडो फ़ेडेरेशन (International Judo Federation) ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को बतौर मानद अध्यक्ष और एंबेसडर पद से निलंबित कर दिया है।
पुतिन जूडो ‘ब्लैक बेल्ट’ हैं। यह फ़ैसला बीते कुछ दिनों में रूस पर लगाए गए खेल संबंधित ‘प्रतिबंधों’ में से एक है।
इसके साथ ही सितंबर में होने वाली रूस की फॉर्मूला वन ग्रांड प्रिक्स को भी रद्द कर दिया गया है।
इस सप्ताह की शुरुआत में यह घोषणा भी की गई थी कि चैंपियंस लीग 2022 का फ़ाइनल मैच अब सेंट पीटर्सबर्ग के बजाय पेरिस में खेला जाएगा।
वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रविवार को रूस की विशेष सेनाओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि ये सेनाएं ‘बहादुरी से अपनी सैन्य़ ज़िम्मेदारियां निभा रही हैं।’
टीवी पर प्रसारित उनके एक संबोधन को क्रेमलिन की वेबसाइट पर भी प्रकाशित किया गया है।
उन्होंने कहा, ’’रूस के लोगों और हमारी महान मातृभूमि के नाम पर यह एक त्रुटिहीन सेवा है।’